25 वर्षीय विवाहिता अनमोल आहूजा की जबलपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
छत्तीसगढ़ के भाटापारा निवासी मृतिका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दूसरी मंजिल से फेंकने का लगाया आरोप

NNH जबलपुर/ जबलपुर में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अनमोल आहूजा के रूप में हुई है, जो (छत्तीसगढ़) के भाटापारा की रहने वाली थी। अनमोल की शादी तीन साल पहले जबलपुर निवासी विपुल आहूजा से हुई थी।
मृतिका अनमोल खत्री (शादी के बाद आहूजा) के पिता छत्तीसगढ़ के भाटापारा निवासी मुरली खत्री ने बताया कि तीन साल पहले बेटी का विवाह विपुल के साथ हुआ था। धूमधाम से शादी की और हैसियत से बढ़कर दहेज दिया। शादी के कुछ माह तो ठीक से बीते, पर उसके बाद से मारपीट करना शुरू कर दिया गया। दो बार अनमोल का हाथ तोड़ दिया गया, इसके बाद भी वह चुप रही। गुरूवार रात करीब 12 बजे अनमोल ने भाटापारा में पिता को फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि उसका पति विपुल उसके साथ मारपीट कर रहा है, आप जबलपुर आ जाओ, अनमोल से उसके पिता ने सुबह तक जबलपुर आने की कही। फिर रात डेढ़ बजे विपुल आहूजा के चाचा जो कि अनमोल के चाचा ससुर ने फोन करके जानकारी दी कि अनमोल छत से गिर गई है, अस्पताल में भर्ती है। मृतिका के पिता ने बताया है कि उसकी बेटी के पूरे शरीर में गंभीर चोट है, पिता ने कहा कि मेरी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, क्योंकि उसकी डेढ़ साल की बच्ची है। उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंका गया है।
इलाज के दौरान अस्पताल में हो गई मौत, ससुराल पक्ष गायब

अनमोल आहूजा को जबलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने बताया कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो अनमोल ICU में अकेली थी, उसे गंभीर हालत में अस्पताल में छोड़कर भाग गए। अस्पताल में मृतका के ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, मायके वालों के पहुंचने के बाद डॉक्टरों उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता मुरली खत्री का कहना है कि अनमोल के पूरे शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे, जो यह संकेत देते हैं कि उसे छत से फेंका गया। उन्होंने यह भी बताया कि शादी के बाद ससुराल वालों द्वारा दो बार अनमोल का हाथ तोड़ा गया था। इसके बावजूद अनमोल समझौते की उम्मीद में ससुराल में रह रही थी। अनमोल के भाई सुनील खत्री ने भावुक होते हुए कहा कि 22 साल तक नाजों से पाला, धूमधाम से शादी की, लेकिन आज उसकी लाश लेकर लौट रहे हैं। वे अनमोल को अपने साथ लाने के लिए कई बार कह चुके थे, लेकिन वह उम्मीद करती थी कि हालात सुधर जाएंगे।
जबलपुर के गढ़ा थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मामले की जांच सीएसपी गढ़ा को सौंपी गई है। परिजनों के आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है। अनमोल की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगी।
फिलहाल ससुराल पक्ष के सभी सदस्य फरार बताए जा रहे हैं, और मृतका की डेढ़ साल की बच्ची का भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। मामले को लेकर परिजनों में रोष है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।







