खास खबरछत्तीसगढ़देश/प्रदेशराजनीति

देश में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी राजनैतिक पार्टी के कार्यालय को ईडी ने किया अटैच

कांग्रेस नेता ने कहा हम तो एक-एक पैसे का हिसाब दे देंगे, क्या ईडी कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के 150 करोड़ का भी हिसाब लेगी...?

NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 2000 करोड़ के शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने कार्रवाई करते हुए बस्तर संभाग के सुकमा जिला कांग्रेस कार्यालय को सीज कर दिया है। देश में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी राजनैतिक पार्टी के कार्यालय भवन को ईडी ने अटैच किया है।

इसके अलावा कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री कवासी लखमा की 6 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अटैच कर दी है। इसमें कवासी के बेटे हरीश लखमा की संपत्ति भी शामिल है। शराब घोटाला मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा इस वक्त जेल में बंद हैं। उनके बेटे हरीश लखमा की रायपुर और सुकमा में फैली करीब 6.34 करोड़ रुपये की संपत्ति को ईडी ने इसी कार्रवाई में अटैच किया है। जांच में यह खुलासा हुआ है कि यह संपत्तियां कथित रूप से शराब कारोबार से मिली अवैध कमाई से खरीदी गई थीं।

सुकमा जिले में जो कांग्रेस कार्यालय भवन अटैच किया गया है, वह लखमा परिवार के स्वामित्व में बताया जा रहा है। यह भवन लंबे समय से कांग्रेस का जिला कार्यालय रहा है। ईडी की जांच में पाया गया कि भवन की खरीद-फरोख्त में शराब घोटाले की रकम का इस्तेमाल किया गया। ईडी ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कार्रवाई करते हुए इस संपत्ति को अटैच कर दिया है।

क्या ईडी कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के 150 करोड़ का भी हिसाब लेगी…?

इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेताओं में रोष है। पार्टी नेताओं ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के इशारे पर केन्द्रीय एजेंसिया अपनी सीमाओं को लांघ रही है। कांग्रेस के सुकमा जिला कांग्रेस भवन को एवं पूर्व मंत्री कवासी लखमा के परिजनों की संपत्ति ईडी द्वारा अटैच किया बेहद आपत्तिजनक है। ईडी की यह कार्यवाही भाजपा के राजनैतिक षडयंत्र का हिस्सा है। कांग्रेस को जिला कार्यालय बनाने के लिये फंड कहाँ से आया, हम तो एक-एक पैसे का हिसाब दे देंगे। कांग्रेस ने 15 साल विपक्ष में रहने के दौरान अपने कार्यकर्ताओं और जनता के सहयोग से राजीव भवन बनाया था। जन सहयोग से कांग्रेस भवन बनाना कांग्रेस की परंपरा रही है। रायपुर का ऐतिहासिक कांग्रेस भवन भी आजादी की लड़ाई के दौरान छेर-छेरा पुन्नी के त्योहार के दौरान मांगे गये दान से बनाया गया था, जहां से कांग्रेस ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ा था।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस अपने भवनों के बनाने के खर्च के एक-एक पैसे का हिसाब दे देगी। ईडी में साहस है तो वह भाजपा के 150 करोड़ रू. की लागत से बने भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे का रुपया कहां से आया इसकी जांच करे? कुशाभाऊ ठाकरे परिसर फाईव स्टार होटल की तर्ज पर बनाया गया है। उसकी लागत कहां से आई ईडी जांच करेगी? रायपुर में ही भाजपा के कार्यालय एकात्म परिसर की जमीन राजनैतिक दल के कार्यालय के लिये भाजपा ने 1 रू. में हासिल किया था। एकात्म परिसर को व्यवसायिक कांपलेक्स में तब्दील कर दिया गया जहां से 1.5 करोड़ रूपया किराया भाजपा वसूलती है ईडी उसकी जांच करेगी? भाजपा के जिला कार्यालयों की लागत का भी ईडी हिसाब मांगेगी?

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि ईडी ने कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री कवासी लखमा की उनके परिजनों की कुछ संपत्ति भी अटैच किया है। यह आदिवासी नेता को परेशान करने की साजिश है। ईडी की कार्यप्रणाली शुरू से ही संदेह के दायरे में रही है। ईडी कांग्रेस नेताओं को परेशान करने उनकी छवि धूमिल करने के लिये काम कर रही है। जनता ईडी के इन षड्यंत्रों को भली भांति समझ रही है। इस प्रकार के षड्यंत्रों का जवाब जनता देगी।

Back to top button