पत्रकारों के विरोध प्रदर्शन के बाद चिकित्सा कॉलेजों में मीडिया प्रवेश पर प्रतिबंध संबंधी आदेश पर स्वास्थ्य मंत्री ने लगाई रोक

NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग द्वारा 13 जून को जारी आदेश में कहा गया था कि किसी भी इलेक्ट्रॉनिक या प्रिंट मीडिया को शासकीय चिकित्सा संस्थानों में रिपोर्टिंग या वीडियो शूटिंग से पहले संस्था प्रमुख से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। इसके उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। इसी आदेश को लेकर मीडिया जगत में उबाल आया था।

इस आदेश के खिलाफ पत्रकार सड़क पर उतर आए, और राजधानी रायपुर के अम्बेडकर चौक पर विरोध प्रदर्शन कर पत्रकारों ने आदेश की प्रतियां जलाई।
जिसके बाद छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा मीडिया प्रबंधन संबंधी जारी किए गए विवादित निर्देशों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की घोषणा की। रायपुर में पत्रकारों द्वारा किए गए ‘ संयुक्त विरोध प्रदर्शन’ के बाद स्वास्थ मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल रोक लगाने का निर्णय लिया है।

स्वास्थ मंत्री ने कहा “मीडिया का सम्मान हमारे नजरों में सदैव से रहा है। फिलहाल मीडिया प्रबंधन के लिए जारी दिशा निर्देशों पर रोक लगा रहा हूं। किसी भी प्रकार का निर्णय सभी मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करने के उपरांत ही करेंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में रायपुर प्रेस क्लब और BSPS छत्तीसगढ़ इकाई समेत राज्यभर के पत्रकारों ने भारी संख्या में भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने आदेश की प्रतियां जलाकर अपना विरोध दर्ज किया और मीडिया की स्वतंत्रता को चुनौती देने वाले प्रयासों को खारिज किया।

वहीं सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब ने भी स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल से मुलाकात कर इस आदेश को वापस लेने ज्ञापन सौंपा था।







