पीएम मोदी से बातचीत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर किया दावा, मैंने रुकवाया भारत-पाकिस्तान युद्ध
कहा पाकिस्तान से मुझे प्यार है, पीएम मोदी हैं एक शानदार इंसान

इजरायल-ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर खुद को दुनिया का ‘सबसे बड़ा शांति का दूत साबित करने में जुट गए हैं। बुधवार को उन्होंने फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया था।
बुधवार सुबह भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने दावा किया था कि पीएम मोदी और ट्रंप के बीच 35 मिनट की बातचीत हुई। मिस्री ने दावा किया कि पीएम मोदी ने साफ तौर पर ट्रंप को कह दिया कि सीजफायर का फैसला पाकिस्तान की तरफ से निवेदन पर किया गया, मिस्री के मुताबिक पीएम मोदी ने कह दिया की भारत किसी और देश की मध्यस्थता कभी स्वीकार नहीं कर सकता।
कुछ ही घंटों बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान आया है। जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया था। ट्रंप ने ये बयान उस समय दिया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही इस दावे को खारिज कर चुके हैं और साफ कहा कि भारत ना तो कभी किसी मध्यस्थता को स्वीकार करता है, ना करेगा।
मीडिया से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा कि मैंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया। मुझे पाकिस्तान से प्यार है। साथ ही कहा कि पीएम मोदी एक शानदार इंसान हैं। इसके अलावा ट्रंप ने यह भी कहा कि वह भारत के साथ व्यापार समझौते की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम पीएम मोदी के साथ व्यापार समझौता करने जा रहे हैं, लेकिन उससे पहले मैंने भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया।






