
NNH रायपुर/ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को सदन में पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शेखर दत्त और सक्ति रियासत के राजा व पूर्व विधायक सुरेंद्र बहादुर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सदन की कार्रवाई की शुरुआत विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दिवंगत नेताओं के निधन की सूचना देते हुए की।
सदन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने-अपने अंदाज में दोनों दिवंगत नेताओं के व्यक्तित्व और सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियों को याद किया। और सभी विधायकों ने सदन में दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगतों के सम्मान में शोक व्यक्त किया। इसके बाद सदन की कार्रवाई को 10 मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया।
विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन शून्यकाल के दौरान नेता-प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने राज्य में खाद-बीज संकट का मुद्दा उठाया. विपक्ष की ओर से खाद-बीज की कमी के मुद्दे पर स्थगन लाया गया, लेकिन मंत्री के वक्तव्य के बाद विधानसभा अध्यक्ष के स्थगन को अग्राह्य करने पर वेल में आकर कांग्रेस के विधायकों की जमकर नारेबाजी की, और विपक्ष के हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित की गई।
स्थगन की सूचना देते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि पूरे राज्य में खाद की भारी किल्लत है. किसान इससे दुःखी हैं, आक्रोशित हैं. इस पर स्थगन स्वीकार कर चर्चा कराई जाए। तो वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खाद संकट से किसान हलाकान हैं, सरकार खाद उपलब्ध कराने में नाकाम है, किसान बाजार से दोगुने भाव मे खाद खरीदने मजबूर हैं।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि किसानों को उर्वरकों के संतुलित उपयोग के लिए जागरूक कर रहे हैं, वैकल्पिक खाद के उपयोग की भी जानकारी प्रशिक्षण के जरिए दी गई है। फास्फेटिक खाद की आपूर्ति प्रभावित हुई है, इसलिए हमने बहुत पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्था की है नैनो उर्वरकों के उपयोग की अनुशंसा की गई है, और बड़ी तादाद में इसका भंडारण भी किया जा चुका है।मंत्री नेताम ने बताया कि वैश्विक कारणों से रासायनिक खाद की आपूर्ति प्रभावित हुई है, एनपीके उर्वरक का भंडारण लक्ष्य से ज्यादा हुआ है। पोटाश सहित अन्य खाद का भी भंडारण किया गया है, और 28 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में बोअनी हो चुका है, जो पहले से ज्यादा है।
सदन के बाहर किया विपक्षी सदस्यों ने किया प्रदर्शन
शून्यकाल में मंत्री राम विचार नेताम के वक्तव्य के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विपक्ष का स्थगन अग्राह्य किया, स्थगन अग्राह्य होने और मंत्री के वक्तव्य से असंतुष्ट कांग्रेस के विधायकों ने सदन के बाहर गांधी जी की प्रतिमा के पास बैठकर प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की, और विपक्ष के हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।






