देश/प्रदेशबड़ी खबरब्यूरोक्रेट्सभारत सरकार

प्रवर्तन निदेशालय “ED” के तेजतर्रार अधिकारी कपिल राज ने दिया इस्तीफा

NNH नई दिल्ली/ प्रवर्तन निदेशालय (ED) के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी और 2009 बैच के IRS अधिकारी कपिल राज ने भारतीय राजस्व सेवा (IRS) से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार ने उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिया। कपिल राज हाल ही में GST इंटेलिजेंस मुख्यालय में अतिरिक्त निदेशक के पद पर कार्यरत थे।

कपिल राज अपनी तेजतर्रार और सख्त छवि के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने ED में रहते हुए कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच का नेतृत्व किया। सबसे चर्चित मामलों में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मार्च 2024 में दिल्ली शराब नीति घोटाले में गिरफ्तारी शामिल है, जो भारत में किसी सिटिंग मुख्यमंत्री की पहली ED गिरफ्तारी थी। इसके अलावा, जनवरी 2024 में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भूमि घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

रांची जोन की हाई इंटेंसिटी यूनिट (HIU-2) के प्रमुख के रूप में कपिल राज ने अवैध खनन, जमीन हस्तांतरण घोटाले और कैश फॉर एमएलए जैसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की। इससे पहले मुंबई जोन में तैनाती के दौरान उन्होंने नीरव मोदी, मेहुल चौकसी और DHFL से जुड़े बड़े मामलों की जांच की थी।

कपिल राज का कार्यकाल दिसंबर 2024 तक बढ़ाया गया था, लेकिन अप्रैल 2025 में उन्हें ED से हटाकर GST इंटेलिजेंस मुख्यालय भेज दिया गया। माना जा रहा है कि इस्तीफे का फैसला निजी कारणों से लिया गया हो सकता है। कपिल राज के इस्तीफे से जांच एजेंसियों और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Back to top button