
NNH रायपुर/ कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा रायपुर ज़िला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि “कांग्रेस का काम ही झूठ फैलाना और जनता को गुमराह करना है। सत्ता से बाहर होते ही ये लोग सिर्फ़ रोने–धोने और नाटक करने में लगे रहते हैं।”
उन्होंने कहा कि गायों की मौत को लेकर कांग्रेस जो आँकड़े पेश कर रही है, वह पूरी तरह से झूठ और मनगढ़ंत है। असलियत यह है कि कांग्रेस सरकार के समय ही सबसे ज़्यादा गायें भूख, बीमारी और तस्करी का शिकार हुईं।
रमेश सिंह ठाकुर ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज पर सीधा हमला करते हुए कहा “दीपक बैज जैसे नेताओं को गायों की चिंता नहीं, बल्कि सिर्फ़ राजनीति की भूख है। कांग्रेस ने ही गौठान योजना को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था। हज़ारों करोड़ रुपया कांग्रेसियों ने डकार लिया और ज़मीन पर गायों को भूखा मरने के लिए छोड़ दिया। अब वही लोग मगरमच्छ के आँसू बहा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ही गाय तस्करी और बीफ़ निर्यात को बढ़ावा मिला। आज वे लोग भाजपा सरकार पर आरोप लगा रहे हैं, जबकि सच यह है कि कांग्रेस के नेता ही गौ तस्करों के संरक्षणकर्ता रहे हैं।
रमेश सिंह ठाकुर ने तीखे शब्दों में कहा “कांग्रेस नेताओं की आदत है कि जब जनता सवाल पूछे तो वे ध्यान भटकाने के लिए गाय, मंदिर और धर्म के नाम पर ड्रामा करने लगते हैं। लेकिन जनता अब कांग्रेस का असली चेहरा पहचान चुकी है।”
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार गौ माता की सेवा और संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। हर ज़िले में गौशालाओं की निगरानी हो रही है और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ़ सख़्त कार्यवाही की जा रही है।
अंत में भाजपा ज़िला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा –
“कांग्रेस सिर्फ़ आरोप और अफ़वाह की राजनीति करती है, जबकि भाजपा का लक्ष्य सेवा, विकास और गौ माता की सच्ची रक्षा है।”






