क्राइम रिपोर्टछत्तीसगढ़

फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से 50 लाख की ठगी करने वाले फरार 3 आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

NNH भाटापारा/ छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के भाटापारा में अंतर्गत जमीन खरीदी-बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के विरुद्ध भाटापारा शहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे तीन अन्य मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इन आरोपियों ने कूट रचित (फर्जी) दस्तावेज तैयार कर प्रार्थी से 50 लाख की ठगी की थी।

प्रार्थी राधेश्याम आर्य निवासी संतकंवर राम वार्ड को आरोपियों ने ग्राम सांकरा में एक अच्छी जमीन बिकाऊ होने का झांसा दिया था। भाटापारा में हुई बैठक के दौरान 68 लाख प्रति एकड़ की दर से सौदा तय हुआ। आरोपियों के जाल में फंसकर प्रार्थी ने इकरारनामा एग्रीमेंट किया और बयाना के तौर पर 50 लाख दे दिए। 10-11 मार्च को जब प्रार्थी ने अपने स्तर पर जमीन की जांच की, तब उसे पता चला कि जमीन का कोई सौदा हुआ ही नहीं है और आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड व दस्तावेजों के सहारे योजनाबद्ध तरीके से उसके साथ छल किया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शहर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं (340(2), 318(2), 319(2), 3(5), 336(2), 338, 61(2)) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इस मामले में पुलिस ने पहले एक आरोपी लक्ष्मण चौहान को गिरफ्तार किया था, जबकि अन्य फरार थे। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में शहर पुलिस ने दबिश देकर रायपुर और बेमेतरा से जुड़े 3 और आरोपियों को धर दबोचा, इसमें जनार्दन नेताम 34 वर्ष निवासी गरियाबंद, रमन लाल नादिया 42 वर्ष निवासी चंगोराभाठा रायपुर और सुनील अग्रवाल 49 वर्ष निवासी नांदघाट जिला बेमेतरा शामिल हैं।

आरोपियों ने अपराध कबूला

हिरासत में लिए जाने के बाद पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है, कि उन लोगों ने योजना बनाकर फर्जी आधार कार्ड और दस्तावेज तैयार किए थे, ताकि प्रार्थी से मोटी रकम हड़पी जा सके। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जेल भेज दिया गया है।

Back to top button