
NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राज्य में एनालॉग पनीर की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध की घोषणा की है। जिसका आदेश जल्द ही जारी किया जाएगा।
इसपर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का कहना है कि आज के बाद छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर नहीं बिकेगा। इसके लिए जल्द आदेश जारी हो जाएगा।
बता दें कि राज्य में लगातार नकली पनीर के निर्माण और बिक्री की शिकायतें मिल रही थी। जिसके बाद प्रदेशभर में नकली पनीर फैक्ट्रियों में छापेमारी की गई थी, जहां बड़े पैमाने पर गंदे तरीके निर्मित नकली पनीर जब्त किया गया था। राजधानी रायपुर के ही सिलतरा, मेटल पार्क जैसे औद्योगिक क्षेत्र सहित कई इलाकों नकली पनीर बनाया जा रहा था। इस तरह से पनीर बनाने वाले कुछ कारोबारी साफ कहते हैं कि यह नकली नही एनालॉग पनीर है, उन्हें इसकी अनुमति है। वहीं कुछ एनालॉग पनीर निर्माता कहते हैं कि हम यहां पनीर बनाते हैं लेकिन इसकी बिक्री उड़ीसा और अन्य राज्य में बेचते हैं। इस बीच स्वास्थ्य मंत्री ने एनालॉग पनीर पर बैन लगाने का बड़ा फैसला लिया है।
ज्ञात हो कि एनालॉग पनीर एक प्रकार से नकली या सिंथेटिक पनीर है, जिसे दूध के बजाय वनस्पति तेल (पाम ऑयल) और स्टार्च से बनाया जाता है। यह दिखने और स्वाद में असली पनीर जैसा लगता है, लेकिन यह पोषक तत्वों से रहित होता है। अब देखना होगा कि नकली पनीर बिक्री के साथ ही उसके निर्माण पर भी बैन लगाया जाता है कि अधिकारियों की मिली भगत से ये काम जारी रहता है।







