
NNH रायपुर/ रायपुर के जगन्नाथ नगर के समस्त मोहल्लेवासी दिन रविवार दिनांक 26/09/2026 समय रात्रि 9:00 बजे से 10:00 बजे के लगभग भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा के विसर्जन हेतु शांतिपूर्ण रूप से शोभायात्रा लेकर जा रहे थे। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी, महिलाएं एवं अन्य नगरवासी उपस्थित थे। श्रीराम भक्त सेना ने इस घटना की शिकायत की है।
श्रीराम भक्त सेना के प्रदेश अध्यक्ष राज विक्रम और स्थानीय लोगों ने बताया कि सिविल ड्रेस में बिना वर्दी के शराब पीकर दुश्यंत जायसवाल नामक पुलिसकर्मी द्वारा गणेश विसर्जन शोभायात्रा में उपस्थित लोगों एवं महिलाओं के साथ कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया तथा मां-बहन संबंधी गाली-गलौज की गई। उनके द्वारा बाजा/ध्वनि बंद कराने के लिए दबाव बनाया गया तथा कथित रूप से “जो करना है कर लो” जैसी धमकीपूर्ण बातें कही गईं। साथ ही इससे पूर्व में भी दुश्यंत जायसवाल द्वारा लगातार पूरे पंडरी क्षेत्र में आम जनमानस से बदसलूकी की शिकायत आती रही है।
हमारे अनुसार उक्त व्यवहार के कारण भगवान श्री गणेश जी की शोभायात्रा एवं विसर्जन कार्यक्रम में अनावश्यक रुकावट उत्पन्न हुई। साथ ही जगन्नाथ नगर के मोहल्लेवासियों को धमकी-चमकी दी गई तथा स्थिति के दौरान लाठीचार्ज किए जाने की घटना भी हुई, जिससे उपस्थित लोगों में भय एवं आक्रोश की स्थिति निर्मित हुई।
सभी घटना होने के बाद तुरंत थाना सिविल लाइन जाकर टीआई प्रभारी श्री यमन देवांगन जी को सारी जानकारी दी गई है, जिसमें उन्होंने आश्वासन भी दिया। घटना महिलाओं, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों के साथ हुई होने के कारण हम सभी मोहल्लेवासी इस मामले की निष्पक्ष एवं गंभीर जांच चाहते हैं।
अतः आपसे विनम्र निवेदन है कि—
1. उक्त घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
2. संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
3. घटना के समय उपलब्ध CCTV फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग एवं अन्य साक्ष्यों की जांच की जाए।
4. मौके पर उपस्थित प्रत्यक्षदर्शी मोहल्लावासियों एवं महिलाओं के बयान दर्ज किए जाएं।
5. लाठीचार्ज में यदि किसी व्यक्ति को चोट लगी है तो उसका चिकित्सकीय परीक्षण एवं संबंधित रिकॉर्ड भी जांच में शामिल किया जाए।
6. भविष्य में धार्मिक आयोजनाओं एवं आम नागरिकों के साथ ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए उचित निर्देश दिए जाएं। हमें विश्वास है कि पुलिस प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करेगा।





