क्राइम रिपोर्टछत्तीसगढ़

कांग्रेस नेता आंनद कुकरेजा से 25 करोड़ की फिरौती मांगने वाला शोएब ढेबर फरार

4 टीमें जुटी तलाश में, विदेश भागने की आशंका

NNH रायपुर/ रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को विश्नोई गैंग के नाम पर धमकाकर 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का आरोपी शोएब ढेबर फरार हो गया है। पुलिस ने बुधवार को शहर और बाहर कई ठिकानों पर छापे मारे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। पुलिस ने उसके रिश्तेदारों के घरों पर भी दबिश दी है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने 4 टीमें बनाई हैं, जिनमें एसीपी रैंक के अफसर के साथ दो टीआई और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।

विदेशी सिम से मांगी थी फिरौती…
शोएब ढेबर पर आरोप है कि उसने विदेशी सिम से लॉरेंस बिश्नोई और अमन साहू गैंग के नाम पर आनंद कुकरेजा के बेटे को मैसेज और व्हाट्सएप कॉल कर 25 करोड़ की फिरौती मांगी थी। जांच में नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसे शनिवार को गिरफ्तार कर रविवार को अवकाशकालीन कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे जमानत मिल गई थी।

ऐसा माना जा रहा है कि इस पूरे मामले में पुलिस की अधूरी दस्तावेजी कार्यवाही के कारण ही शोएब ढेबर को जमानत का लाभ मिला है। उधर पुलिस की गोपनीय जानकारी और रेड की टिप लीक करने के आरोप में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के दो आरक्षकों शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को लाइन अटैच कर दिया गया है। पुलिस अब शोएब ढेबर की सरगर्मी से तलाश कर रही है और उसके विदेश भागने की आशंका को देखते हुए लुकआउट सर्कुलर जारी करने की तैयारी है।

जमानत के बाद फरार, मोबाइल स्विच ऑफ
जमानत के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ पूरी नहीं होने का हवाला देते हुए सेशन कोर्ट में अपील की। कोर्ट ने अपील स्वीकार करते हुए गिरफ्तारी की अनुमति दे दी। इसकी भनक लगते ही शोएब फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी का मोबाइल स्विच ऑफ है और लोकेशन नहीं मिल रही है। दो टीमें शहर के बाहर संभावित ठिकानों पर और दो टीमें शहर के अंदर उसके घर और रिश्तेदारों के यहां छापेमारी कर रही हैं।

Back to top button