
NNH रायपुर/ छठ पूजा की सफाई के नाम पर रायपुर नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। महादेव घाट में बिना किसी पूर्व सूचना के जेसीबी चला दी गई, जिससे सैलानियों को घुमाने वाले नाविकों की 3 नावें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
नाविकों का आरोप है कि निगम ने नावों को हटाने के लिए कोई नोटिस नहीं दिया, कोई चेतावनी नहीं दी। अचानक जेसीबी घाट पर पहुंची और नावों को तोड़ना शुरू कर दिया।
नाविकों ने दौड़कर रोकी जेसीबी
जैसे ही नाविकों को इस बात की जानकारी मिली, वे दौड़कर मौके पर पहुंचे और जेसीबी को रोका। नाविकों का कहना है कि अगर वे समय पर नहीं पहुंचते तो और भी नावें टूट जातीं और नुकसान और बड़ा होता।
घटना के बाद घाट पर हंगामा मच गया। नाविकों ने कहा कि यही नावें उनकी रोजी-रोटी हैं। छठ जैसे बड़े पर्व के पहले नावें टूटने से उनका पूरा परिवार संकट में आ गया है।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने संभाला मोर्चा
मामले की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना मैदान में उतर आई। सेना के कार्यकर्ताओं और पीड़ित नाविकों ने दिनभर महादेव घाट पर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। निगम की लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
प्रदर्शन के बाद जोन 8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल मौके पर पहुंचीं और नाविकों से बातचीत की। बाद में निगम मुख्यालय में बड़ी बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त रवि राही और पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा मौजूद रहे। दूसरी ओर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के अध्यक्ष डॉ. अजय यादव, शिवेंद्र वर्मा, राहुल वर्मा और पीड़ित नाविकों ने पक्ष रखा।
लंबी चर्चा के बाद निगम ने लिखित में वादा किया है कि 1महीने के अंदर क्षतिग्रस्त 3 नावों की जगह 3 नई नावें बनाकर दी जाएंगी। तब तकपीड़ित नाविकों को कलेक्टर दर पर रोजगार दिया जाएगा, ताकि उनके परिवार की रोजी-रोटी चलती रहे। लिखित आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। नाविकों ने कहा कि अगर निगम ने वादे के अनुसार समय पर नावें नहीं दीं तो फिर से आंदोलन होगा।
बड़ा सवाल
छठ जैसे आस्था के पर्व के लिए सफाई के नाम पर बिना सूचना जेसीबी चलाना निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। नाविकों का कहना है कि सफाई जरूरी है, लेकिन गरीबों की रोजी-रोटी उजाड़कर नहीं।






