दीपक टंडन पर सक्ती में एक और FIR दर्ज, रायपुर में पत्नी बरखा टंडन गिरफ्तार

NNH सक्ती/ रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बिलासपुर और रायपुर के बाद अब सक्ती जिले में भी उनके खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज हुई है।
क्या है मामला?
सक्ती निवासी कोयला कारोबारी किशन शर्मा ने सिटी कोतवाली सक्ती में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक दीपक टंडन ने शासन-प्रशासन में अपनी पहुंच बताकर कोयले का बड़ा टेंडर दिलाने का झांसा दिया था, इसके एवज में उसने किशन शर्मा से 15 लाख रुपये लिया था। टंडन ने गारंटी के तौर पर 4 लाख रुपये का एक चेक दिया था, जिसे शिकायतकर्ता ने फर्जी बताया है।
सक्ती पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
कोयला टेंडर के नाम पर ठगी का आरोप में इसके पहले रायपुर और कोरबा में भी मामले दर्ज हो चुके हैं। दीपक टंडन को 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर से गिरफ्तार किया गया था वो अभी जेल में है। वहीं उनकी पत्नी बरखा टंडन को भी रायपुर पुलिस ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया है।






