उत्तर प्रदेशदेश/प्रदेशबड़ी खबरराजनीति

यूपी में ओवैसी-चंद्रशेखर ने मिलाया हाथ, दोनों दलों ने किया गठबंधन का ऐलान, चंद्रशेखर होंगे CM फेस

क्या होगा असर...?

NNH लखनऊ/ उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा बदलाव हुआ है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन का ऐलान कर दिया है।

लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों नेताओं ने अपने नए गठबंधन का नाम ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ रखा है।प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी ने ऐलान किया कि इस मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा चंद्रशेखर आजाद होंगे। ओवैसी ने कहा, हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हमारे भाई चंद्रशेखर आजाद, यूपी में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।

सभी 403 सीटों पर लड़ने का दावा

दोनों नेताओं ने दावा किया कि मोर्चा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इससे पहले खबरों में 150 सीटों पर लड़ने की चर्चा थी, लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्ण दावेदारी पेश की गई।

दलित-मुस्लिम समीकरण पर फोकस

गठबंधन की मुख्य रणनीति दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक मंच पर लाना है। ओवैसी ने कहा कि यूपी में मुस्लिम आबादी करीब 19% और दलित आबादी करीब 21% है। दोनों वर्गों को अब तक सिर्फ वोट बैंक समझा गया, हिस्सेदारी नहीं दी गई।ओवैसी ने कहा कि यह गठबंधन भाजपा को प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से रोकने के लिए बनाया गया है।

सपा पर साधा निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा, उन्होंने कहा कि 90% अल्पसंख्यकों का वोट मिलने के बाद भी सपा भाजपा को हरा नहीं पा रही है। इसलिए अब वंचित, शोषित, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को अपना मोर्चा चाहिए।

तो वहीं चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव के लिए एक मोर्चा है। उन्होंने कहा कि हमारा मोर्चा हर वर्ग को सम्मान और हिस्सेदारी देगा।

क्या होगा असर?

सियासी जानकारों का मानना है कि इस गठबंधन से यूपी में NDA और INDIA ब्लॉक के बाद अब तीसरी ताकत खड़ी हो गई है। इसका सीधा असर पश्चिमी यूपी, पूर्वांचल और दलित-मुस्लिम बहुल सीटों पर देखने को मिल सकता है। विपक्षी दलों का कहना है कि यह गठबंधन विपक्षी वोटों को बांटेगा, जबकि मोर्चे के नेताओं का कहना है कि यही असली विकल्प है।

आगे क्या?

मोर्चे की ओर से जल्द ही सीटों के बंटवारे और साझा कार्यक्रमों का ऐलान किया जाएगा। 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाली रैली में ओवैसी के शामिल होने की भी खबर है। हालांकि सीटों के बंटवारे पर बातचीत अभी जारी रहेगी। 2022 के विधानसभा चुनाव में AIMIM को 0.49% और आजाद समाज पार्टी को 0.13% वोट मिले थे। दोनों पार्टियों का संयुक्त वोट शेयर तब महज 0.62% था। लेकिन अब राजनीतिक परिस्थितियां अलग हैं। चंद्रशेखर आजाद नगीना से सांसद हैं, जबकि ओवैसी की पार्टी ने पश्चिमी यूपी के निकाय चुनावों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।

Back to top button