उत्तर प्रदेश में भाजपा प्रत्याशियों की फर्जी सूची के बाद पार्टी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर किया खंडन

NNH लखनऊ/ उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही 209 उम्मीदवारों की कथित सूची को पूरी तरह से फर्जी बताया है।
इस पर भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के द्वारा हस्ताक्षरित संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसका सिरे से खंडन किया है।

जिसमे कहा गया है कि ये खबर पूरी तरह से असत्य, निराधार, काल्पनिक और मनगढंत है। पार्टी अथवा प्रदेश नेतृत्व द्वारा इस प्रकार की कोई भी सूची न तो तैयार की गई है, और न ही केंद्रीय नेतृत्व को प्रेषित की गई है। भाजपा में प्रत्याशियों के चयन की अत्यंत सुव्यवस्थित, लोकतांत्रिक और पूर्ण संगठनात्मक प्रक्रिया निर्धारित है, जो वर्तमान में प्रारंभ भी नहीं हुई है। इस तरह का भ्रामक दुष्प्रचार एक सोची-समझी साजिश है, जिसका उद्देश्य निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस, भ्रम और भय का वातावरण बनाना है।
पार्टी ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस से अपील की है कि वे इस प्रकार के तथ्यहीन और भ्रामक समाचारों पर किसी भी रूप में विश्वास न करें, तथा केवल पार्टी के अधिकृत मंचों से जारी होने वाली सूचनाओं को ही प्रामाणिक मानें।







