
NNH रायपुर/ अमलीडीह मेन रोड पेट्रोल पंप के बगल में पिछले महीने जिस अवैध प्लॉटिंग की बाउंड्री वाल तोड़ी गई थी, वहां अवैध प्लॉटिंग की बिक्री फिर से चालू हो गई है।
गत माह जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत अमलीडीह मेन रोड पर पेट्रोल पंप के ठीक बगल में नगर निगम जोन 10 की टीम ने अवैध प्लॉटिंग पर कार्यवाही की थी, और बुलडोजर चलाकर अवैध बाउंड्री वाल को तोड़ा गया था, लेकिन प्लॉट के अवैध सड़क पर कोई कार्यवाही नही की गई थी। मिली जानकारी के अनुसार कार्यवाही के बाद भी गुपचुप तरीके से पुनः वहां प्लॉट की बिक्री शुरू कर दी गई है, अवैध प्लॉटर व ब्रोकर नए नए ग्राहकों को दिखाकर अमलीडीह के अवैध प्लॉटिंग का सौदा कर रहे हैं। जबकि टाउन प्लानिंग की अनुमति के बगैर और बिना रेरा रजिस्ट्रेशन के कोई भी प्लॉटिंग की जा रही है तो वह पूरी तरह से अवैध है।

अवैध प्लाटिंग की शिकायत रायपुर नगर निगम मुख्यलाय पहुंच रही है, जिसपर एक्शन लेते निगम कमिश्नर के निर्देश पर कार्यवाही भी की जा रही है। बावजूद इसके सरकारी नियमों से बैखोफ होकर अमलीडीह में फिर से अवैध प्लॉट कंटिंग कर बेचा जा रहा है। जिसपर एक बार फिर वही सवाल खड़ा किया जा रहा है कि आखिर यह अवैध प्लॉटिंग किसके संरक्षण में की जा रही है।
वहीं अधिवक्ता सामाजिक कार्यकर्ता विवेक तनवानी ने कहा कि कार्यवाही के बाद जिन लोगों ने वहां प्लॉट खरीदने के लिए एडवांस बुकिंग राशि दी थी, अब वो एडवांस वापस लेने के लिए प्लॉटर के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी आम उपभोक्ता नियमों के विपरीत ऐसे अवैध प्लॉटिंग में प्लॉट लेते हैं तो वो अपनी जमा की गई पूंजी को डुबाने का काम कर रहे हैं। इसलिए लोगों को जांच पड़ताल करने के बाद ही किसी भूमि का क्रय विक्रय करना चाहिए। और ऐसी अवैध प्लॉटिंग की जिला कलेक्टर और निगम कमिश्नर से शिकायत कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।







