भाजपा नेता की जमीन पर अफीम की खेती, पार्टी ने किया निलंबित, पुलिस कर रही है कार्रवाई

NNH दुर्ग/ छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत में अफीम की अवैध खेती पकड़े जाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 मार्च को पुलिस को लिखित शिकायत मिली थी, कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में एक खेत में अफीम की अवैध खेती की जा रही है, और सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की, जहां डेढ़ एकड़ जमीन पर अफीम के पौधे पाए गए थे। पुलिस की छापेमारी के बाद इस पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पूरे खेत को अपने कब्जे में लेकर अफीम की फसल को जब्त कर लिया है। इस मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध खेती के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि यह कृषि भूमि भाजपा किसान मोर्चा राइस मिल प्रसंकरण प्रदेश संयोजक विनायक ताम्रकार की है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए विनायक ताम्रकार को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मारकण्डेय ने निलंबन आदेश जारी किया है।
दुर्ग एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार को समोदा गांव में अफीम की खेती की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है, और हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि दुर्ग जिले में अफीम की खेती का यह पहला मामला है। ऐसे में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

उधर घटना की जानकारी मिलने पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी खेत की ओर पहुंचने लगे, जिन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की, इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झूमाझटकी भी हुई है। मामले को देखते हुए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इधर भाजपा नेताओं का कहना है कि उन्हें अफीम की खेती की कोई जानकारी नहीं थी। उनका दावा है कि जमीन अधिया (आधी फसल) पर दी गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






