
NNH रायपुर/ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन में ऐसा नज़ारा देखने को मिला जो आम तौर पर भारत की संसदीय राजनीति में विरल ही होता है। सदन में बिजली दरों की बढ़ोतरी को लेकर विपक्ष द्वारा स्थगन लाया गया था। लेकिन वह प्रस्ताव खारिज कर दिया गया, इसके बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देकर सदन में शालीनता की मिसाल पेश की।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा, आम उपभोक्ता बिजली बिल की दरों से परेशान हैं। किसानों और आम जनता से अधिक वसूली की जा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री ने दरों में कमी पर विचार करने की बात कही। इससे हमें लगा कि वे इस विषय को गंभीरता से ले रहे हैं। इसी कारण मैंने उनका धन्यवाद किया है।
सत्तापक्ष ने मेज थपथपाकर की सराहना…
मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिए जाने पर सत्तापक्ष के सदस्यों ने सदन में मेज थपथपाकर इस शालीन व्यवहार का स्वागत किया। यह छत्तीसगढ़ विधानसभा के संसदीय इतिहास में पहला अवसर होगा कि जब खारिज हुए स्थगन प्रस्ताव के बाद भी नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री का सदन में आभार जताकर धन्यवाद ज्ञापित किया है।






