क्या स्पा सेंटर्स में कुछ गलत होता है, जो एडिशनल एसपी जैसे बड़े अफसर वसूली करना चाहते थे…?
एएसपी के निलंबन के बाद वरिष्ठ पत्रकार अनिल पुसदकर ने क्या कहा...पढ़ें पूरी खबर

NNH रायपुर/ स्पा से वसूली के आरोप में बिलासपुर के तत्कालीन एडिशनल एसपी को सस्पेंड किए जाने के बाद, वरिष्ठ पत्रकार अनिल पुसदकर ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि, बात वसूली की या सस्पेंशन की नहीं है, बात है गली गली में खुल रहे स्पा सेंटर्स की है, आखिर वहां से वसूली की बात सामने क्यों आई? क्या स्पा सेंटर्स में कुछ गलत होता है, जो एडिशनल एसपी जैसे बड़े अफसर वसूली करना चाहते थे? कुछ न कुछ बात होगी? आखिर स्पा सेंटर्स की ही चर्चाएं गर्म क्यों है? अचानक स्पा सेंटर्स की बाढ़ सी क्यों आ गई है? ऐसा कितना मुनाफा होता होगा इस धंधे में? क्या स्पा सेंटर्स की आड में अनैतिक कार्यों का संचालन होता है? फिर बिना आग के धुंआ उठता है क्या?
अनिल पुसदकर, वरिष्ठ पत्रकार
अनिल पुसदकर ने कहा कि, कुछ न कुछ तो गलत होता ही होगा, नहीं तो एक एडिशनलएसपी जैसा अफसर वसूली के लिए उसे निशाने पर कैसे लिया? वैसे भी जिस तरह तेजी से स्पा सेंटर्स की बाढ़ आ रही है उससे तो लगता है कि इस धंधे में कमाई अनाप शनाप है, और वो भी अनैतिक, इसलिए सरकार को चाहिए कि एडिशनल एसपी के सस्पेंशन के साथ ही सारे स्पा सेंटर्स की बारीकी से जांच हो और उन पर पैनी नजर रखी जाए। अगर स्पा सेंटर्स में अनैतिक कार्य होने की बाते अफवाह है तो कोई बात नहीं लेकिन अगर उसमें जरा भी सच निकलता है तो फिर उनके खिलाफ अभियान चलाया जाना चाहिए। आखिर समाज के लिए घातक गंदगी का गली गली फैलना महामारी को निमंत्रण देने जैसा है।







