एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई: रायपुर आरटीओ ऑफिस में पदस्थ क्लर्क रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार

NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB (एंटी करप्शन ब्यूरो) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को रायपुर के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO OFFICE) में पदस्थ एक क्लर्क को टीम ने 14 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू ने फाइनेंस की गाड़ी का नाम ट्रांसफर करने के नाम पर रकम की डिमांड की थी।
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी शोभा राम देवांगन रायपुर RTO कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। एक शिकायतकर्ता अपनी फाइनेंस की गाड़ी का नाम ट्रांसफर करवाने के लिए दफ्तर के चक्कर काट रहा था। आरोप है कि इस काम को करने के एवज में शोभा राम ने 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
एसीबी ने बिछाकर दबोचा
रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना रायपुर ACB टीम को दी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। शुक्रवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने क्लर्क शोभा राम को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 14 हजार रुपए थमाए, वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी ACB की टीम ने उसे दबोच लिया। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है और उसके हाथ धुलवाने पर रंग गुलाबी हो गया, जो रिश्वत लेने का पुख्ता सबूत मिले हैं।ACB की टीम आरोपी क्लर्क को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
वहीं इस कार्रवाई के बाद RTO दफ्तर में हड़कंप मच गया है। विभाग के अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के क्रियाकलापों की भी जांच की जा सकती है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







