हिंदू संगठनों की चेतावनी के बाद क्रिश्चियन फोरम के प्रमुख पर एफआईआर दर्ज
पहलगाम आतंकी हमले में दिवंगतों की सोशल मीडिया पर गलत सूची कर दी शेयर

NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ क्रिश्चन फोरम के प्रमुख अरुण पन्नालाल के खिलाफ छत्तीसगढ़ की राजधानी आज़ाद चौक थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। अरुण पन्नालाल ने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद पर्यटकों की गलत सूची सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी।

हिंदुवादी संगठनों ने आजाद चौक थाना और अरुण पन्नालाल के घर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया था। इन संगठनों ने FIR दर्ज न होने पर पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। इसके साथ ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी थी कि यदि कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वे जयस्तंभ चौक पर सार्वजनिक मुंडन कराएंगे। जिसके बाद उन्होंने मुंडन भी कराया।

सोशल मीडिया पर गलत सूची कर दी शेयर
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में जिन 26 लोगों की मौत हुई है उसे लेकर क्रिश्चन फोरम के प्रमुख अरुण पन्नालाल ने सोशल मीडिया में एक लिस्ट शेयर की थी, इस लिस्ट में कुछ नामों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया मृतकों के नामों को लेकर छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के प्रमुख ने कहा कि 26 में से 15 दूसरे समुदाय के थे। इसके साथ ही इस लिस्ट में रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया का नाम भी नहीं था। जिसके बाद दिनेश मिरानिया के रिश्तेदारों ने आपत्ति जताई, और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर कार्रवाई करने के लिए 48 घंटे का समय दिया था। जिसके बाद विवाद बढ़ता देख अरुण पन्नालाल ने फेसबुक पर सफाई देते हुए लिखा है कि असावधानी से गलत पोस्ट कर दी, जिसे डिलीट कर दिया है। लेकिन सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट करने पर रायपुर के आज़ाद चौक थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

बता दें कि अरुण पन्ना लाल हमेशा से ही विवादों के घेरे में रहे हैं। धर्मांतरण के मामले में अरुण पन्नालाल का नाम उभर कर सामने आता रहा है।







