
NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव कनहैया अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री श्री अरुण साव से मुलाकात की । इस दौरान उन्होंने रायपुर में निर्माणाधीन स्काईवॉक परियोजना में बरती जा रही गंभीर वित्तीय और तकनीकी अनियमितताओं के लखिलाफ एक ज्ञापन सौंपकर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।
जर्जर ढांचे पर हो रहा है लीपापोती का खेल
सौपे गए ज्ञापन में कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल और मो.सिद्धिक और जागेश्वर राजपूत ने बताया कि रायपुर में स्काईवॉक का निर्माण पिछले कई वर्षों से अटका हुआ था। अब लगभग 7 से 8 साल पुराने हो चुके जर्जर और कमजोर हो चुके स्ट्रक्चर पर ही बिना किसी गहन तकनीकी जांच के दोबारा टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
अखबारों और स्थानीय मीडिया में आ रही खबरों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह स्काईवॉक अब सिर्फ अनुपयोगी ही नहीं, बल्कि आम जनता के जान-माल के लिए एक बड़ा खतरा साबित हो रहा है।घटिया निर्माण सामग्री और स्तरहीन कार्य हो रहा है । ज्ञापन में स्काईवॉक के निर्माण में हो रही “आपराधिक लापरवाही” को उजागर करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांगकी गई। स्ट्रक्चर के जंग लगे हुए सरियों/पाइपों और जर्जर हो चुके कंक्रीट को ठीक करने के बजाय, उन्हें केवल छुपाने के लिए ऊपर से डेकोरेटिव शीट्स और टाइल्स लगाई जा रही हैं।
मजबूती पर सवाल: हाल ही में आई तेज हवा के झोंकों से ही स्काईवॉक की डेकोरेटिव शीट्स उड़कर नीचे गिर गईं, जिससे इसकी निर्माण गुणवत्ता और मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण में बेहद निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।
अफसर-ठेकेदार साठगांठ: कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि इतनी बड़ी लापरवाही बिना विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार की आपसी साठगांठ के संभव नहीं है। ज्ञापन में स्वतंत्र जांच और संपूर्ण स्काईवॉक निर्माण कार्य की किसी स्वतंत्र एजेंसी के माध्यम से उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई है। ताकि जनता के मन से इस ढांचे को लेकर डर दूर हो सके।
अफसरों के तबादले की मांग…
लोक निर्माण विभाग (PWD) के अंतर्गत ‘ब्रिज कॉर्पोरेशन’ सहित अन्य विभागों में रायपुर में वर्षों से अंगद की तरह पैर जमाए बैठे भ्रष्ट अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से यहाँ से हटाया जाने की मांग भी की गई।
मंत्री ने दिया आवश्यक कार्रवाई का भरोसा
प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने पूरे मामले को संज्ञान में लिया और इस विषय पर आवश्यक व उचित कार्रवाई करने का पूरा विश्वास दिलाया है।
इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से कनहैया अग्रवाल, जागेश्वर राजपूत ,मोहम्मद सिद्दीक, शरद गुप्ता, और विजय बाफना सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।







