नक्सलियों के आत्मसमर्पण से बौखलाए माओवादी केंद्रीय समिति के प्रवक्ता अभय ने प्रेस नोट जारी कर सोनू और रूपेश को बताया गद्दार

जगदलपुर/ छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार की पुनर्वास नीति के तहत नक्सली लगातार हथियार डालकर आत्मसमर्पण कर रहे हैं। यह सिलसिला जारी है। हाल ही में जगदलपुर में भी 210 नक्सलियों ने हथियार सहित सरकार के समक्ष आत्म समर्पण किया है। इसमें नक्सलियों के पोलित ब्यूरो सदस्य सोनू और केंद्रीय समिति सदस्य रूपेश सहित कई इनामी नक्सली शामिल हैं।
नक्सलियों द्वारा इतनी बड़ी संख्या में आत्मसमर्पण करने के बाद माओवादी संगठन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोनू और रूपेश के आत्मसमर्पण से बौखलाए माओवादी केंद्रीय समिति के प्रवक्ता अभय ने प्रेस नोट जारी कर सोनू और रूपेश को गद्दार बताया है।
अभय ने कहा, माओवादी संगठन में रहते हुए पोलित ब्यूरो सदस्य सोनू उर्फ वेणुगोपाल लगातार संगठन की आलोचना कर रहे थे। अन्य माओवादियों को गुमराह कर सरेंडर कराया गया है। माओवादी केंद्रीय समिति ने आत्म समर्पण करने वाले माओवादियों का बहिष्कार किया है।
केंद्रीय समिति के प्रवक्ता अभय ने कहा, कुछ लोगों के आत्मसमर्पण करने से संगठन की हार नहीं होगी। सोनू और रूपेश के आत्मसमर्पण करने से संगठन में गंभीर संकट उत्पन्न हुआ है। अभय ने गद्दारों को सजा देने की बात भी कही है।







