नवा रायपुर के माना तूता में चित्रोत्पला फिल्म सिटी एवं ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का सीएम साय ने किया भूमिपूजन
"छत्तीसगढ़ अब देश के फिल्म उद्योग के मानचित्र पर एक नई पहचान की ओर"

NNH रायपुर/ आज नवा रायपुर के माना तूता में चित्रोत्पला फिल्म सिटी एवं ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर परियोजना का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधिवत भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर सीएम साय ने कहा कि यह फिल्म सिटी छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी में हाई-टेक स्टूडियो, इनडोर और आउटडोर शूटिंग लोकेशन, और फिल्म निर्माण की आधुनिक सुविधाएं होंगी, जिससे बॉलीवुड और अन्य फिल्म इंडस्ट्रीज भी यहां शूटिंग के लिए आकर्षित होंगी। इस परियोजना का उद्देश्य न केवल स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर प्रदान करना है, बल्कि राज्य में पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देना भी है।
फ़िल्म सिटी के उद्घाटन अवसर पर रायपुर सासंद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह विशेष संतोष का विषय है कि राजधानी में फिल्म सिटी निर्माण का विषय मैंने पूर्व में संसद में भी प्रभावी रूप से उठाया था, जो आज साकार होता दिख रहा है। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा SASCI योजना के अंतर्गत चित्रोत्पला फिल्म सिटी हेतु ₹95.79 करोड़, आदिवासी सांस्कृतिक सम्मेलन केंद्र हेतु ₹51.87 करोड़ की ऐतिहासिक स्वीकृति दी गई थी, जो छत्तीसगढ़ के पर्यटन, संस्कृति और फिल्म उद्योग को नई ऊँचाइयाँ देगी। उन्होंने आगे कहा कि यह परियोजना न केवल स्थानीय कलाकारों को मंच देगी, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और आदिवासी विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने का भी कार्य करेगी।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, मंत्री केदार कश्यप, विधायक श्री अनुज शर्मा जी, इंद्र कुमार साहू, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड अध्यक्ष नीलू शर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल तथा फिल्म उद्योग से जुड़े कलाकार एवं फिल्म प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







