पीएम मोदी से मिलकर रो पड़ी शुभम की पत्नी ऐशन्या
भावुक हुए पीएम मोदी, शोकाकुल परिवार से संवेदना जताते हुए कहा ऑपरेशन सिंदूर जारी है

NNH कानपुर/ जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को आतंकियों ने हमला कर 26 पर्यटकों की हत्या कर दी थी। इस आतंकी हमले में कानपुर के शुभम द्विवेदी की भी मौत हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कानपुर पहुंचते ही पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के परिवार से मिले। पीएम मोदी को देखते ही शुभम की पत्नी ऐशन्या रो पड़ीं। इस पर पीएम मोदी भी भावुक हो गए और ऐशन्या को ढांढस बंधायते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है। बगल में ही खड़े शुभम के पिता को भी रोते देख पीएम मोदी उनके पास पहुंचकर कंधे पर हाथ रखकर ढांढस बंधाया। पीएम शुभम के परिवार के साथ लगभग दस मिनट तक रहे।
उत्तर प्रदेश के कानपुर चकेरी एयरपोर्ट पर शुभम की पत्नी ऐशन्या, पिता संजय, मां सीमा की पीएम मोदी से मुलाकात हुई। सभी ने रोते हुए हाथ जोड़कर कहा, हमारे बेटे की मौत जाया न होने पाए। शुभम की पत्नी ऐशन्या पीएम मोदी को देखते ही फफक पड़ीं। इस पर मोदी भी भावुक हो गए, और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर थमा है, खत्म नहीं हुआ है, यह आगे भी जारी रहेगा। बगल में रो रहे शुभम के पिता संजय द्विवेदी के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें भी ढांढस बंधाया।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकियों ने जिन 27 पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी उनमें कानपुर के शुभम द्विवेदी भी शामिल थे। शुभम को ऐशन्या के सामने ही आतंकियों ने गोली मारी थी। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशन्या ने बताया कि कि मेरे दो ओपिनियन थे, पीएम मोदी ने उसे सुना। मैंने उनसे कहा कि कश्मीर में चीजें सही हो रही थीं, शायद आतंकी इसको खत्म करने के मकसद से आए थे। मुझे ये भी लगता है कि वह हिंदुस्तान के हिंदू-मुस्लिम को अलग करने की कोशिश करने आए थे, वो धर्म पूछकर हमें मार रहे थे, हमें बांटना चाहते थे। पीएम ने हमारी पूरी बात को सुनी, और उन्होंने कहा- मुझे भी ऐसा ही लगता है।आतंकियों ने इसलिए धर्म पूछकर मारा। पूरा देश आपके साथ खड़ा है।
ऐशन्या ने बताया कि पीएम मोदी यहां अपनी संवेदना व्यक्त करने आए थे, वो भी दुखी थे, उनके चेहरे से वो दुख साफ झलक रहा था। पापा के कंधे पर हाथ रखकर उन्होंने दिलासा दिया, और पर्सनली उन्होंने मुझसे पूरा घटनाक्रम पूछा, उन्होंने कहा कि ये लड़ाई खत्म नहीं हुई, ये लड़ाई अभी चलेगी, उन्हें हमारे परिवार के बारे में पहले से पूरी जानकारी थी।

शुभम के पिता संजय द्विवेदी ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद बताया कि हमने पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया। क्योंकि उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान के खिलाफ कठोर कार्रवाई की।कहा कि आपकी कार्रवाई से हमें बहुत राहत मिली।पीएम मोदी ने गहरी संवेदना जताते हुए कहा कि निर्दोष लोगों की मौत पर वह बहुत दुखी हैं। उन्होंने वादा किया है कि वे आतंकवाद का समूल नाश कर देंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह संवेदनशील पहल शोकाकुल परिवार को भावनात्मक संबल देने वाली रही, और इसके साथ ही यह संदेश भी दिया कि सरकार आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।







