छत्तीसगढ़बड़ी खबर

रायपुर नगर निगम द्वारा अवैध प्लॉटिंग व निर्माण पर बड़ी कार्यवाही, 18 दुकानों पर चला बुलडोजर

निगम आयुक्त ने अवैध प्लॉटिंग की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करने के दिए निर्देश, भूमाफियाओं में मचा हड़कंप

NNH रायपुर/ राजधानी रायपुर में अवैध प्लॉटिंग और अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने साल के शुरुआती दिनों में ही सख्त रुख अपना लिया है। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के कड़े निर्देशों के बाद, शनिवार को जोन-8 की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टाटीबंध और सोनडोंगरी में अवैध तरीके से निर्माण किए जा रहे कई दुकानों पर बुलडोजर चलाकर ढहा दिया गया। नगर निगम की इस अचानक हुई कार्रवाई से भू-माफियाओं और अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।

अवैध निर्माण पर यह कार्यवाही पहले वार्ड क्रमांक 1 वीर सावरकर नगर के अंतर्गत टाटीबंध ट्रांसपोर्ट नगर के पास अटारी रोड पर अभियान चलाया गया, जहां लगभग 20 हजार वर्गफीट की बेशकीमती भूमि पर बिना किसी वैध अनुमति के अतिक्रमित 18 दुकानों का निर्माण कर लिया गया था। जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में निगम के दस्ते ने जेसीबी मशीनों की मदद से इन सभी अवैध रूप से निर्मित दुकानों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया और सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।

इसी तरह पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड क्रमांक 2 के अंतर्गत अवधपारा सोनडोंगरी में भी अवैध निर्माण पर कार्यवाही की गई है, जहां यहाँ भू-माफियाओं द्वारा अवैध प्लॉटिंग कर लगभग 15 मकानों का निर्माण किया जा रहा था। नगर निगम की टीम ने निर्माणाधीन मकानों को तोड़ने के साथ-साथ वहां अवैध रूप से बिछाई गई मुरूम रोड को भी जेसीबी से काट दिया। निगम की टीम ने सड़क काटकर अवैध प्लॉटिंग पर आवागमन को पूरी तरह बाधित कर दिया, और इस अवैध प्लॉटिंग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

नगर निगम द्वारा चलाए गए इस बड़े अभियान में कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर और उप अभियंता लोचन चौहान सहित नगर निवेश विभाग की पूरी टीम शामिल रही। अवैध प्लॉटिंग और अवैध निर्माण को लेकर रायपुर नगर निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि शहर के मास्टर प्लान के विरुद्ध किए जा रहे किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। और शनिवार को की गई कार्यवाही से यह साफ हो गया है कि शहर के व्यवस्थित विकास के लिए अवैध कब्जों पर बुलडोजर की कार्रवाई जारी रहेगी।

वहीं रायपुर नगर निगम आयुक्त ने सभी जोन अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध प्लॉटिंग की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। रायपुर नगर निगम द्वारा अवैध प्लॉटिंग और अवैध निर्माण पर की गई इस बड़ी कार्यवाही से आम नागरिकों में यह संदेश गया है कि वे जमीन खरीदते समय वैध दस्तावेजों की जांच जरूर करें, ताकि भविष्य में उन्हें ऐसी किसी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।

Back to top button