
NNH रायपुर/ रायपुर नगर निगम द्वारा अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार-बुधवार को शहर के अलग अलग इलाकों में अवैध निर्माण व प्लॉटिंग पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत बोरियाखुर्द में मंगलवार को जोन 10 कमिश्नर विवेकानंद दुबे के नेतृत्व में आरडीए बिल्डिंग के पास लगभग 3 एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को मशीनों से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मुरुम से बने अवैध सड़क को तोड़कर पूरी तरह बाधित कर दिया गया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले जोन 10 क्षेत्र में दो अवैध प्लॉटिंग प्रकरणों में कुल 1.845 हेक्टेयर भूमि को लेकर नगर निगम अधिनियम के तहत प्रबंध अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई है।

इस संबंध में आम सूचना का प्रकाशन भी किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि रायपुर नगर निगम के इतिहास में यह पहली बार है, जब अवैध प्लाटिंग के मामलों में प्रबंध अधिग्रहण जैसी कड़ी कार्रवाई की गई है। जोन 10 के ही अंतर्गत लालपुर फल मंडी के पीछे आवासीय भवनों का व्यावसायिक उपयोग की शिकायतें मिलने पर नगर निगम ने 26 गोदाम संचालकों को नोटिस जारी किया हैं। नियमों के तहत नोटिस प्रक्रिया पूरी होने के बाद अवैध निर्माण हटाने, सीलबंदी करने या नियमानुसार राजीनामा कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, जोन 10 की टीम ने सड़क पर अवरोध, ग्रीन नेट लगाने और सी एंड डी वेस्ट फैलाने जैसे मामलों में सख्ती दिखाते हुए 21 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला है।
इसके अलावा शहीद चंद्रशेखर वार्ड क्रमांक 60 के अंतर्गत गोकुल नगर के सिमरन सिटी में बिना अनुमति के अवैध निर्माण को भी हटाया गया है, जहां जोन 6 की उड़नदस्ता टीम ने 20 अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाकर तोड़ा गया है।
इसी तरह जोन क्रमांक 1 के अंतर्गत बसंत विहार में भी अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जहां जोन 1 की नगर निवेशक टीम द्वारा 10 अवैध दुकान और गोविंद नगर में 7 अवैध मकान को तोड़ने की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा अवैध रूप से निर्माणाधीन रो हाउस पर भी बुलडोजर चलाकर तोड़ा गया, तो वहीं विंध्य नगर में 16 एकड़ निजी भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी, जिसमे जेसीबी चलाकर अवैध रूप से निर्मित मुरुम रोड को बाधित कर अवैध प्लॉटिंग पर रोक लगा दी गई।







