कारोबारछत्तीसगढ़राजनीति

छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के चुनाव के लिए जय व्यापार पैनल ने की प्रत्याशियों की घोषणा

अमर, अजय, उत्तम को पैनल ने पुनः बनाया है प्रत्याशी, क्या व्यापारी करेंगे पुराने चेहरों पर भरोसा...?

NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के आगामी चुनावों के लिए जय व्यापार पैनल ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पैनल ने एक बार फिर से अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान अध्यक्ष अमर पारवानी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। तो वहीं महामंत्री पद के लिए अजय भसीन और कोषाध्यक्ष पद के लिए उत्तम गोलछा के नाम की घोषणा की गई है। पिछले चुनाव में इन तीनों चेहरों को श्रीचंद सुंदरानी के व्यापारी एकता पैनल के खिलाफ चेम्बर चुनाव में उतारा गया था, और जय व्यापार पैनल के अमर पारवानी ने व्यापारी एकता पैनल के प्रत्याशी योगेश अग्रवाल को हराकर शानदार जीत हासिल की थी। इसके साथ ही अजय भसीन महामंत्री और उत्तम गोलछा भी कोषाध्यक्ष पद के लिए विजयी हुए थे।

छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी, और अब जय व्यापार पैनल ने पुनः उन लोगों के नाम की घोषणा की है, जो पिछली बार भी चेम्बर चुनाव में लड़े थे। जय व्यापार पैनल में संरक्षण मंडल के वरिष्ठ सदस्यों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि चेम्बर के तीनों पदाधिकारियों का कार्यकाल प्रभावी और सफल रहा है, जिसे देखते हुए पुनः उन्हें प्रत्याशी घोषित किया गया है।

वहीं पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी के नेतृत्व वाले व्यापारी एकता पैनल ने अबतक अपने प्रत्याशियों की घोषणा नही की है। जबकि जय व्यापार पैनल ने अपने प्रत्याशी घोषित तो कर दिए हैं, लेकिन अब देखना ये होगा कि चेम्बर के उन पुराने चेहरों पर व्यापारी वर्ग का पुनः भरोसा कायम रहता है क्या जो पिछली बार चुनाव जीतकर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी निर्वाचित हुए थे।

Back to top button