
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने x पर लिखा भाजपा को मिली प्रचंड जीत जन-जन तक विकास कार्यों की पहुँच और नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में बढ़ते कदम पर जनता की मोहर
यह ऐतिहासिक विजय डबल-इंजन सरकार की जन-कल्याणकारी व जनजातीय-हितैषी योजनाओं पर प्रदेशवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक – राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा
NNH रायपुर/ नगरीय निकाय चुनाव – 2025 में छत्तीसगढ़ भाजपा को मिली प्रचंड और ऐतिहासिक विजय पर केंद्रीय नेतृत्व बहुत खुश नजर आ रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सहित रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं अन्य राष्ट्रीय नेताओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं प्रदेश भाजपा संगठन को बधाई दी है। सभी नेताओं ने इस ऐतिहासिक जीत के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनकल्याणकारी कार्यों पर प्रदेश की जनता का अटूट विश्वास होना बताया है। सीएम साय ने भी बधाई एवं शुभकामनाओं के लिए सभी नेताओं का आभार जताया है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने X पर लिखा कि छत्तीसगढ़ नगर निकाय के चुनावों में भाजपा को मिली प्रचंड जीत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में जन-जन तक विकास कार्यों की पहुँच और नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में बढ़ते कदम पर जनता की मोहर है। इस विजय के लिए राज्य की जनता को धन्यवाद दिया है और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव और भाजपा छत्तीसगढ़ के सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएँ दी है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय स्वास्थ मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने X पर लिखा कि – छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव जी और भाजपा छत्तीसगढ़ के सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूँ। यह ऐतिहासिक विजय आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में डबल-इंजन सरकार द्वारा क्रियान्वित हो रहीं जन-कल्याणकारी व जनजातीय-हितैषी योजनाओं पर प्रदेशवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक है।
इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश और छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी नितिन नबीन ने भी सीएम साय और प्रदेश संगठन को नगरीय निकाय चुनावों में बड़ी जीत के लिए बधाई दी है।






