खबरों की खबरछत्तीसगढ़नगरीय निकाय चुनाव 2025राजनीति

धमतरी में कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी का कैसे हुआ नामांकन निरस्त

कुल 13 प्रत्याशी हैं मैदान में, कांग्रेस अब किसे अपना उम्मीदवार घोषित करेगी...?

NNH धमतरी/ धमतरी नगर निगम के महापौर पद के कांग्रेस प्रत्याशी विजय गोलछा का आज नामांकन रद्द कर दिया गया, जिससे छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को बड़ा झटका लगा है। विजय गोलछा के खिलाफ भाजपा की ओर से 29 जनवरी को आपत्ति लगाई थी, जिसका निराकरण करने 30 जनवरी गुरुवार को दोपहर 12 बजे का समय दिया गया था। आज रिटर्निंग ऑफिसर इंदिरा सिंह के कक्ष में कांग्रेस प्रत्याशी पर लगाए गए आपत्ति के संबंध में लगभग दो घंटे तक बहस चली। जिसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त कर दिया गया।

भाजपा ने आरोप लगाया था कि विजय गोलछा नगर निगम के ठेकेदार हैं, और इस वजह से वे नगर निगम के लाभार्थी भी हैं, भाजपा ने 1956 की धारा 17 बी (ड) में लिखे प्रावधान का हवाला देते हुए कहा कि जो कोई व्यक्ति यदि नगर निगम का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लाभार्थी है, वो महापौर का चुनाव लड़ने के पात्र नहीं माना जा सकता।

रिटर्निंग अफसर इंदिरा सिंह ने आपत्ति करने वाले पक्ष को आरोप सिद्ध करने के लिए 30 जनवरी को दोपहर 12 बजे तक का समय दिया गया था, रिटर्निंग अफसर ने स्पष्ट कहा था कि यदि आरोप सिद्ध हो जाता है तो कांग्रेस प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन पत्र निरस्त कर दिया जाएगा। आपत्तिकर्ता कवींद्र जैन ने आपत्ति दर्ज कराई थी कि नगर निगम ठेकेदार के रूप में विजय गोलछा अप्रत्यक्ष या प्रत्यक्ष रूप से हित रखते हैं, जिसका साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए उन्हें गुरूवार 30 जनवरी 12 बजे तक का समय दिया गया था, और आज आपत्ति प्रमाणित होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया है।

धमतरी नगर निगम में महापौर के लिए कुल 19 प्रत्याशियों ने नामांकन फॉर्म खरीदे थे, जिसमें से 14 लोगों ने फॉर्म जमा किए है, जहां एक फॉर्म रिजेक्ट हुआ है और एक विचाराधीन है, जबकि 12 नामांकन पत्र स्वीकृत किए गए हैं। नामांकन दाखिल करने वालों में कांग्रेस कार्यकर्ता तिलक सोनकर ने फार्म जमा किया था, और उन्होंने अपने नाम निर्देशन पत्र में कांग्रेस पार्टी का प्रत्याशी होना बताया था। अब विजय गोलछा का नामांकन पत्र निरस्त होने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि कांग्रेस तिलक सोनकर को बी फॉर्म देकर अपना उम्मीदवार घोषित कर सकती है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक पीसीसी द्वारा अभी तक अपने नए प्रत्याशी की घोषणा नही किया गया है, अब देखना होगा कि कांग्रेस किसे अपना उम्मीदवार घोषित करती है।

Back to top button