नगर सरकार के बाद गांव सरकार की बारी, छत्तीसगढ़ के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का प्रथम चरण आज, 53 ब्लॉक में मतदान जारी

NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का पहला चरण आज 17 फरवरी 2025 को है, प्रदेश के सभी जिलों के 53 ब्लॉक की ग्राम पंचायतों के लिए मतदान जारी है। जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव तीन चरणों में होंगे, इसके लिए पहला चरण आज 17 फरवरी को है, दूसरा चरण 20 फरवरी और तीसरे चरण के चुनाव के लिए 23 फरवरी को मतदान होगा।
त्रिस्तरीय पंचायतों के आम चुनाव के तीनों चरण के लिए जिला पंचायत के 433, जनपद पंचायत के 2973, ग्राम पंचायत (सरपंच) के 11,672 और वार्ड (पंच) के 1,60,180 पदों पर चुनाव होगा। जिसके लिए 1,58,12,580 मतदाता मतदान करेंगे, और मतदान के लिए कुल 31,041 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 7128 संवेदनशील और 2161 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, जनपद पंचायत के सदस्य, जिला पंचायत सदस्य चुनने के लिए वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में 53 ब्लॉक, दूसरे चरण में 43 और तीसरे चरण में 50 ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में मतदान होगा।






