निगम, मंडल, आयोग की नियुक्ति के बाद कहीं खुशी कहीं गम

NNH रायपुर/ शनिवार रात छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार ने अपने निगम, मंडल, आयोग, और बोर्ड में अध्यक्ष पदों की सूची जारी कर दी है, जिसमें बीजेपी के 36 नेताओं को अलग अलग निगम, मंडल आयोग में नियुक्त किया गया है।

यह सूची जारी होने के बाद बीजेपी के नेताओं-कार्यकर्ताओं की मिली जुली प्रतिक्रिया सामने आई है। कुछ लोगों ने खुशी जाहिर की है तो, तो बहुत लोग नाराज बताए जा रहे हैं। जिनकी नियुक्तियां की गई हैं, उनमे कुछ लोग इसलिए नाखुश हैं, क्योंकि उन्हें मन मुताबिक विभाग नही मिला। वहीं कई पुराने चेहरों जिन्हें हमेशा से ही ऐसे पदों से नवाजा जाता रहा है, उनके नाम पर कार्यकर्ता नाराज़ हैं, और नए चेहरे जो कभी किसी प्रमुख भूमिका में नही रहे, लेकिन नेताओं के इर्द गिर्द रहते थे, उनकी नियुक्ति से भी वरिष्ठ कार्यकर्ता नाराज हैं।

इन सबके बीच छत्तीसगढ़ भाजपा के फायरब्रांड प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास को भी छत्तीसगढ़ “केश कला शिल्पी बोर्ड” का उपाध्यक्ष बनाया गया हैं, जबकि अध्यक्ष मोना सेन को बनाया गया है। और इस नियुक्ति के बाद गौरीशंकर श्रीवास नाराज़ हो गए। श्रीवास ने नाराजगी जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक लिखा कि…
“पार्टी ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है कि जिसे उठाने में मेरे कंधे असमर्थ हैं इसलिए पद स्वीकार नहीं,संगठन के कार्यकर्ता के रूप में ही मैं ठीक हूं, धन्यवाद”

गौरीशंकर श्रीवास की इस पोस्ट के बाद उनके समर्थकों ने भी उनके समर्थन में कमेंट कर यह उनका अपमान बताया है। गौरतलब है कि गौरीशंकर श्रीवास भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ काफी मुखर रहे हैं, छत्तीसगढ़ में पीएससी घोटाले सहित अन्य कई बड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं।
निगम, मंडल, आयोग में कुछ ऐसे नेताओं को भी जगह दी गई है, जो कभी किसी भी धरना प्रदर्शन आंदोलन में शामिल तो नही हुए लेकिन भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बैठकर राजनीति करते रहे हैं। वो अपने कम्फर्ट जोन से कभी बाहर नही निकले लेकिन उन्हें लगातार बड़े बड़े पदों से नवाजा जाता रहा है। इसको लेकर भी कार्यकर्ता अब दबी जुबान से कह रहे हैं कि हमको भी आगे बढ़ने के लिए कुछ ऐसा ही फॉर्मूला अपनाना पड़ेगा।
इसके अलावा संजय श्रीवास्तव को सिविल सप्लाई, अनुराग सिंहदेव को हाउसिंग बोर्ड, राजीव अग्रवाल को उद्योग विकास निगम, केदार गुप्ता को दुग्ध महासंघ, विकास मारकम को आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परम्परा, अमरजीत सिंह छाबड़ा को अल्पसंख्यक आयोग, लोकेश कावड़िया जैसे अन्य वरिष्ठ नेताओं की निगम, मंडल, आयोग में नियुक्ति पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की है।






