रायपुर नगर निगम के जोन अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर खींचतान जारी
बड़े नेताओं की पसंद को दी जा रही है तरजीह, परिवार वाद के लगे आरोप

NNH रायपुर/ रायपुर नगर निगम में एमआईसी सदस्यों की नियुक्ति के बाद जोन अध्यक्षों को लेकर कवायद तेज हो गई है। नगर पालिका निगम रायपुर में वर्तमान में 70 वार्ड हैं, जिन्हें 10 जोन में समान रूप से विभाजित किया गया गया है। निगम चुनाव के पहले वार्डों की जनसंख्या के हिसाब से सीमांकन किया गया, जिसमे वार्डों की संख्या तो नहीं बढ़ी लेकिन उनकी सीमा में बदलाव हो गया। जिससे जोन में आने वाले वार्डों की संख्या भी बदल गई।
जोन तीन को लेकर जो जानकारी सामने आ रही है, उसमें जोन के पूर्व अध्यक्ष की पार्षद पत्नी का नाम लगभग फाइनल माना जा रहा है। जिसके बाद कई वरिष्ठ पार्षद व कार्यकर्ता नाराज़ बताए जा रहे हैं। उनका कहना है कि एक तरफ पार्टी कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर संगठन समर्पण की बात करती है, तो दूसरी ओर नेता गृहिणियों को टिकट देने के बाद अब निगम के प्रमुख पदों पर नियुक्ति कर परिवार वाद को बढ़ावा दे रही है। जिसको लेकर जोन तीन के अंतर्गत आने वाले वरिष्ठ पार्षद भी नाराज़ बताए जा रहे हैं।
वहीं रायपुर में एक के वार्ड पार्षद जोन अध्यक्ष के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। और वो पार्षद पार्टी के मंडल अध्यक्ष भी हैं। अब दबी जुबान से कार्यकर्ता यह सवाल करने लगे हैं कि जब पार्टी ने ये फॉर्मूला तय कर दिया था कि मंडल अध्यक्षों को वार्ड चुनाव नही लड़ाया जाएगा, तो आखिर कैसे उनको टिकट दे दी गई, और अब उनको जोन अध्यक्ष बनाए जाने की बात भी सामने आ रही है। सभी प्रमुख पदों पर एक ही व्यक्ति की नियुक्ति कर दी जाएगी ऐसे में अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को कैसे संतुष्ट किया जाएगा…?
जिस तरह से एमआईसी में बड़े नेताओं की पसंद को तरजीह दी गई थी, उसी तरह से अन्य जोन अध्यक्षों को नियुक्त करने की तैयारी की जा चुकी है। रायपुर नगर निगम के सभापति नियमतः जोन क्रमांक 2 के पदेन अध्यक्ष बनाए गए हैं, और उन्होंने पदभार ग्रहण भी कर लिया है। लेकिन बाकी बचे सभी 9 जोनों के लिए अभी खींचतान जारी है।






