सूरजपुर जिला पंचायत की सभी 6 सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की हार
मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के गृह जिले में भी भाजपा को झटका

NNH अंबिकापुर/ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का परिणाम अब आना शुरू हो चुका है। सूरजपुर जिला पंचायत चुनाव की बात करें तो यहां नतीजे चौंकाने वाले आए हैं। सूरजपुर जिले के प्रथम चरण में 6 जिला पंचायतों में जो परिणाम आए हैं, उसमें भाजपा समर्थित 6 प्रत्याशी चुनाव हार गए हैं। वहीं सरगुजा जिला के 7 जिला पंचायत क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस समर्थित 3-3 प्रत्याशी जीते हैं। हालांकि, बलरामपुर जिला पंचायत की सभी सीटों पर भाजपा समर्थित और भाजपा के बागी प्रत्याशी जीते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के गृह जिले खड़गंवा 1 और खड़गंवा 2 में दोनों सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी हार गए हैं। छत्तीसगढ़ की महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के गृह जिले भटगांव और प्रेमनगर की सारी सीटों पर भाजपा की हार हुई है। अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला पंचायत क्षेत्र में कांग्रेस को बढ़त मिली है।
शंकरगढ़ के क्षेत्र क्रमांक 12 में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी सुधेश पैकरा को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। यहां भाजपा विधायक उद्धेश्वरी पैकरा के पति व पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे तो सुधेश पैकरा ने उन्हें समर्थन दे दिया। यहां पूर्व सांसद काका लरंगसाय के नाती धमेंद्र पैकरा भी चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों के बीच कांटे की टक्कर है। दोनों में किसी की भी जीत हो, वे भाजपा समर्थित हैं। कांग्रेस से यहां महेश्वर पैकरा चुनाव मैदान में थे।
सरगुजा जिला पंचायत क्षेत्रों का चुनाव परिणाम…!
सरगुजा के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 में भाजपा समर्थित दिव्या सिसोदिया करीब 13 हजार मतों के बड़े अंतर से चुनाव जीत गई हैं। अंतिम परिणाम टेबुलेशन के बाद आएंगे। सरगुजा जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 2 में मतगणना के दौरान जमकर विवाद हुआ। इस क्षेत्र में युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय तोमर की पत्नी पायल तोमर को करीब 2000 मतों से आगे बताया गया है। कांग्रेस ने देर रात तक इस क्षेत्र की मतगणना को लेकर सवाल उठाया। निर्धारित मापदंडों में सर्टिफिकेट मतदान केंद्रों से जारी नहीं किए गए।
इन क्षेत्रों में कांग्रेस ने की है जीत हासिल…!
सरगुजा के क्षेत्र क्रमांक 3 अंबिकापुर तृतीय से कांग्रेस समर्थित अनिमा केरकेट्टा करीब 6 हजार मतों से चुनाव में जीत गई हैं। यहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी फुलेश्वरी सिंह चौथे स्थान पर रही। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 4 लखनपुर प्रथम से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मोनिका पैकरा 7 हजार मतों से चुनाव जीत गई हैं। यहां पूर्व सांसद कमलभान सिंह के बेटे देवेंद्र सिंह सहित 9 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। सरगुजा के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 5 लखनपुर द्वितीय से भाजपा समर्थित विजय अग्रवाल ने करीब 9 हजार मतों से बढ़त बनाई है। यहां दूसरे स्थान पर भाजपा के बागी कामेंद्र राजवाड़े रहे। मतगणना को लेकर कई स्थानों पर विवाद की स्थिति बनीं। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे। सरगुजा जिला पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 6 से राधा रवि करीब 1100 मतों से आगे हैं। राधा रवि कांग्रेस नेत्री हैं। उदयपुर के दोनों सीटों पर सहमति नहीं बनने के कारण कांग्रेस ने अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं किया था। सरगुजा के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 7 से निर्दलीय रमुनिया देवी ने बढ़त बनाई है। वे कांग्रेस विचारधारा की हैं। कांग्रेस ने इस सीट पर भी समर्थित प्रत्याशी घोषित नहीं किया था।
सूरजपुर जिला पंचायत चुनाव के परिणाम…!
सूरजपुर के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 सूरजपुर प्रथम से कांग्रेस समर्थित योगेश्वरी लक्ष्मण राजवाड़े ने जीत दर्ज की है। यहां भाजपा की घोषित समर्थित प्रत्याशी पुष्पा सिंह चुनाव हार गई हैं। सूरजपुर के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 2, सूरजपुर द्वितीय से निर्दलीय कलेश्वरी कुर्रे ने भाजपा समर्थित तुलसी चौधरी ने चुनाव जीता है। सूरजपुर के क्षेत्र क्रमांक 3, सूरजपुर तृतीय से कांग्रेस समर्थित नरेंद्र यादव ने जीत दर्ज की है। यहां भाजपा समर्थित अनूप सिन्हा चुनाव हार गए हैं। जिला पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 4, सूरजपुर चतुर्थ से भाजपा की समर्थित प्रत्याशी कौशल्या सिंह चुनाव हार गई हैं। यहां से भाजपा की ही बागी किरण केराम ने जीत दर्ज की है। क्षेत्र क्रमांक 7 भैयाथान प्रथम से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अखिलेश प्रताप सिंह ने जीत दर्ज की है। इस सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी मार्तंत साहू चौथे स्थान पर हैं।
क्षेत्र क्रमांक 8, भैयाथान द्वितीय से भाजपा के बागी गिरीश गुप्ता चुनाव जीत गए हैं। भाजपा के समर्थित प्रत्याशी भटगांव के भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश गुप्ता पांचवें स्थान पर रहे। सूरजपुर जनपद में भाजपा को बहुमत मिलने के आसार हैं। वहीं भैयाथान में कांग्रेस एवं भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला है।
बलरामपुर में भाजपा को बढ़त…!
बलरामपुर जिले के क्षेत्र क्रमांक 9 चांदो से भाजपा समर्थित संजीता नाग ने जीत दर्ज की है। क्षेत्र क्रमांक 10 कुसमी से हीरामुनि निकुंज ने जीत दर्ज की है। क्षेत्र क्रमांक 11 शंकरगढ़ प्रथम से भाजपा प्रमर्थित गीता पैकरा ने जीत दर्ज की है।
जिला पंचायत क्षेत्र राजपुर प्रथम (कोदौरा) में भाजपा ने प्रत्याशी घोषित नहीं किया था, लेकिन यहां भाजपा से जुड़े रवि मराबी ने जीत दर्ज की है। क्षेत्र क्रमांक 14 राजपुर द्वितीय (चौरा) से भाजपा समर्थित अनार सिंह मराबी ने जीत दर्ज की है।







