छत्तीसगढ़ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025राजनीति

जिला पंचायत चुनाव में सीएम के गृह जिले जशपुर में भाजपा को झटका, जिले की तीनों सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की हार

मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल के गृह जिले में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की करारी हार

NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ में चल रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणाम अब आने शुरू हो चुके हैं। पंचायत चुनाव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी एक भी जिला पंचायत सीट नहीं जीत पाए हैं। जशपुर जिले की तीनों सीटों पर बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है। यह राज्य में सत्ताधारी दल भाजपा के लिए बड़ा झटका है।

वहीं स्वास्थ मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के क्षेत्र मनेंद्रगढ़ जिला पंचायत चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। यहां मनेंद्रगढ़-खड़गवां के दोनों जिला पंचायत क्षेत्रों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। कांग्रेस की ममता सिंह और प्रिया मसराम ने जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 9 और 10 से विजयी घोषित हुई हैं। क्षेत्र क्रमांक 9 से जिला पंचायत अध्यक्ष रही भाजपा समर्थित रेणुका सिंह और क्षेत्र क्रमांक 10 से जनपद अध्यक्ष रही भाजपा समर्थित सोनमति उर्रे को हार का सामना करना पड़ा है ।
हालांकि छत्तीसगढ़ भाजपा के पंचायत चुनाव के संयोजक ने दावा किया है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रथम दौर के मतदान के बाद पार्टी को तीन चौथाई से अधिक सीट प्राप्त हुई हैं, यह विष्णुदेव सरकार के जनहितैषी कार्यों की जीत है।

धमतरी जिले की छह में से पांच पर भाजपा ने लहराया जीत का परचम, तो गरियाबंद जिले में दो से ही करना पड़ा संतोष

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला पंचायत सदस्य के 4 क्षेत्रों के मतदान में भाजपा समर्थित दो, कांग्रेस समर्थित एक और एक निर्दलीय ने जीत हासिल की है। जबकि धमतरी जिले की 6 जिला पंचायत सदस्य सीट में से 5 पर भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। जशपुर की तीन जिला पंचायत सदस्य की सीट पर चुनाव हुआ, जिसमें 2 में कांग्रेस और एक में निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। क्षेत्र क्रमांक 1 से भाजपा के बागी गेंदबिहारी सिंह, क्षेत्र क्रमांक 2 से कांग्रेस समर्थित आशिका कुजूर और क्षेत्र क्रमांक 3 से कांग्रेस समर्थित मोनिका टोप्पो ने जीत दर्ज की है। वहीं बगीचा भाजपा के मंडल अध्यक्ष हरीश आरिक भी पंच का चुनाव हार गए।

गरियाबंद जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कांग्रेस अधिकृत संजय नेताम ने इस बार क्षेत्र क्रमांक 7 से चुनाव लड़ा था। कांग्रेस अधिकृत संजय नेताम को कुल 14877 मत मिले।वहीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष को 5719 मत मिले थे। इस तरह अपने ही पार्टी के साथी से संजय ने 9158 मतों से बड़ी जीत दर्ज किया। पिछली दो बार क्षेत्र क्रमांक 7 से चुनाव लड़ कर जीत दर्ज कराने वाली आदिवासी नेत्री लोकेश्वरी नेताम ने इस बार क्रमांक 8 से लड़ कर अपनी सीट बरकरार रखी। निर्दलीय लड़ रही लोकेश्वरी ने कुल 19293 मत हासिल किए। जबकि भाजपा की उम्मीदवार सूरती ध्रुवा 6405 मत लेकर दूसरे और कांग्रेस की सरस्वती नेताम 6213 मत लेकर तीसरे स्थान पर रहीं। भाजपा के युवा चेहरा गौरी शंकर कश्यप को क्षेत्र क्रमांक 9 से 7065 मतों के अंतर से जीत हासिल हुई। क्षेत्र क्रमांक 6 से भाजपा की लालिमा ठाकुर मैदान में थी, जिन्होंने 18746 मत हासिल किया। जबकि प्रतिद्वंदी सुरेखा नागेश 11622 मत हासिल कर सकीं, इस तरह से 5500 मतों से लालिमा ने जीत दर्ज की। क्षेत्र क्रमांक 9 से जीत कर जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं कांग्रेस की महिला नेत्री स्मृति ठाकुर ने इस बार यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष उमेश डोंगरे को मैदान में उतारा था।लेकिन उमेश को केवल 4124 मत मिले। यहां भाजपा के बागी अरुण ठाकुर दूसरे स्थान पर रहे। पंचायत चुनाव में पूर्व विधायक डमरू धर पुजारी के भाई दशरथ, उरमाल के सरपंच का चुनाव हार गए। इसी तरह पूर्व विधायक गोवर्धन मांझी की धर्मपत्नी सरपंच व बहू जनपद सदस्य का चुनाव हार गईं। मैनपुर में भी विधायक जनक ध्रुव अपने कई करीबियों के लिए चुनाव प्रचार किया था, लेकिन उनमें से ज्यादातर को हार का सामना करना पड़ा। गरियाबंद जिला सरपंच संघ अध्यक्ष रहे बलदेव इस बार पंच की कुर्सी नहीं बचा पाए।

धमतरी जिले की 6 जिला पंचायत सदस्य सीट में से 5 पर भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समधी टीकाराम कंवर , धमतरी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीत गए हैं। उन्हें भाजपा की ओर से क्षेत्र क्रमांक 9 से उम्मीदवार बनाया गया था। इस क्षेत्र में पहले चरण में मतदान हुआ था , जिसमें उन्होंने उत्तम कुमार मरकाम को हराया। धमतरी जनपद पंचायत की 25 में से 18 और मगरलोड जनपद पंचायत की 23 में से 15 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। भाजपा धमतरी जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने इस जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के भरोसे का नतीजा बताया है।

Back to top button