
16 जनवरी 2025 NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा 17 जनवरी को होगी, जिसके लिए आज 16 जनवरी को शाम 5 से 7 बजे तक नामांकन होगा। इसकी जानकारी देते हुए प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख ने बताया कि 16 जनवरी को शाम पांच से सात बजे तक नामांकन होगा। प्रदेश अध्यक्ष पद का निर्वाचन संपन्न कराने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश अध्यक्ष, चुनाव प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शामिल होंगे। साथ ही भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन और चुनाव पर्यवेक्षक गजेंद्र पटेल भी निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल होंगे।
भाजपा प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी पारख ने कहा कि पूरे देश के साथ ही छत्तीसगढ़ में भी सितंबर-2024 से संगठन महापर्व मनाया गया, जिसमें पहले सदस्यता महाअभियान चलाया गया। छत्तीसगढ़ भाजपा को 60 लाख सदस्यता का जो लक्ष्य केंद्रीय नेतृत्व ने दिया था, उस लक्ष्य को अर्जित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के मार्गदर्शन में भाजपा सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, भाजपा व सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं व समस्त जनप्रतिनिधियों ने परिश्रम की पराकाष्ठा करके इस अभियान को सर्वसमावेशी और सर्वस्पर्शी बनाया।







