वीर सावरकर पर की गई विवादास्पद टिप्पणी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को लगाई कड़ी फटकार

NNH नई दिल्ली/ लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर पर की गई उनकी एक विवादास्पद टिप्पणी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई है। शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने राहुल गांधी को सख्त लहजे में आगाह किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास और उनके योगदान को पूरी तरह समझे बिना इस तरह के बयान देने से बचें।
कोर्ट ने कहा है कि अगर वह इस तरह के बयान देंगे तो उस पर वह खुद संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू करेगा। हालांकि, कोर्ट ने राहुल को अंतरिम राहत देते हुए लखनऊ की एसीजेएम कोर्ट से जारी समन पर रोक लगा दी है।
मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस मनमोहन की बेंच ने कहा कि ‘महात्मा गांधी भी अंग्रेज वायसराय को भेजे पत्र में स्वयं को ‘आपका निष्ठावान सेवक’ लिखते थे, क्या उसके चलते कोई उन्हें भी अंग्रेजों का नौकर कह देगा? हाई कोर्ट के कई जज भी अपने पत्राचार में खुद को सेवक लिख देते हैं, क्या ऐसा लिखने भर से कोई नौकर हो जाता है?
कोर्ट ने राहुल को आगाह करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान सहन नहीं किया जाएगा, जिन्होंने हमें स्वतंत्रता दिलाई, उन्हें अपमानित नहीं करना चाहिए।





