
कैबिनेट मंत्रियों की प्रेस कॉन्फ्रेंस का बहिष्कार
NNH बलौदाबाजार/ छत्तीसगढ़ सरकार के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल की शनिवार को बलौदाबाजार में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिले के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों ने बहिष्कार कर दिया। बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार मंत्रियों के पीए के व्यवहार से क्षुब्ध थे। उनका कहना था कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार जब भी मंत्रियों से मिलने का समय मांगते थे तो उनके पीए के द्वारा सहयोग न कर अपमानित किया जाता रहा है। वहीं मंत्री भी संवाद तक नही करते थे, जिससे नाराज़ बलौदाबाजार जिले के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों ने एकजुट होकर कैबिनेट मंत्री टंकराम राम वर्मा और श्याम बिहारी जयसवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस का बहिष्कार किया है।
वेटेज बढ़ाने कराया संजय जोशी का कार्यक्रम

पिछले हफ्ते बलौदाबाजार में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री संजय जोशी का एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यह कार्यक्रम जोगी कांग्रेस से बलौदाबाजार विधानसभा के विधायक रहे प्रमोद शर्मा “पम्मू” ने आयोजित कराया था। बलौदाबाजार के राजनैतिक हलकों में अब ये चर्चा है कि प्रमोद शर्मा जबसे बीजेपी में आए हैं, उनकी वैसी पूछपरख नही हो रही है जैसी उन्हें उम्मीद थी। इसलिए उन्होंने पार्टी में अपना महत्व बढ़ाने की दृष्टि से यह समृद्ध भारत सम्मेलन तो आयोजित करा दिया है। लेकिन प्रमोद शर्मा पहले कांग्रेस फिर जोगी कांग्रेस से होते हुए बीजेपी में आए हैं, शायद इसलिए उन्हें बीजेपी के अंदर की राजनैतिक जानकारी का अभाव है। बहरहाल पम्मू ने संजय जोशी का कार्यक्रम तो करा दिया है, अब देखना होगा कि उन्हें अब भाजपा में वो वेटेज मिलता है, जिसकी वो उम्मीद लगाकर बैठे हैं।






