रायपुर के इंदिरा गांधी वार्ड 27 में निर्दलीय प्रत्याशियों ने राष्ट्रीय पार्टी के उम्मीदवारों पर लगाया आरोप
कहा सामान्य वर्ग से हैं, और पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित वार्ड से लड़ रहे हैं चुनाव

NNH रायपुर/ रायपुर नगर निगम के इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 27 में चुनावी मुकाबला बहुत ही रोमांचक हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व पार्षद भारती बावल के पति अवतार सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, तो कांग्रेस ने दलजीत सिंह चावला को टिकट दिया है। जबकि कांग्रेस से ही पूर्व पार्षद व पूर्व एमआईसी सदस्य विमल गुप्ता ने पुनः इस वार्ड से अपनी दावेदारी पेश की थी, लेकिन कांग्रेस से दलजीत सिंह चावला को टिकट दिया गया, जिसके बाद विमल गुप्ता अब निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा अमित यदु और अजय चकोले भी इसी वार्ड निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 27 इसबार अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है, और ये सभी उम्मीदवार पिछड़ा वर्ग से आते हैं। लेकिन चुनाव के बीच एक नया विवाद सामने आ गया है। दरअसल निर्दलीय प्रत्याशियों ने दस्तावेज प्रस्तुत कर यह आरोप लगाया है कि कांग्रेस के प्रत्याशी दलजीत सिंह चावला सामान्य जाति से आते हैं, और चावला ने नाम निर्देशन पत्र में गलत जानकारी दी है कि वे अन्य पिछड़ा वर्ग से हैं।
लेकिन निर्दलीय प्रत्याशियों ने इसपर आपत्ति जताते हुए कहा कि दलजीत सिंह चावला ने नामांकन दाखिल करने के साथ प्रस्तुत शपथ पत्र में स्वयं को अन्य पिछड़ा वर्ग के अंतर्गत बढ़ई जाति का होना बताया है। जबकि दलजीत सिंह चावला के स्वामित्व वाली भूमि से सम्बंधित फार्म बी 1 किश्तबन्दी खतौनी में दलजीत सिंह चावला, पिता कुलदीप सिंह चावला, सामान्य वर्ग (जाति) पता नहर पारा रायपुर स्पष्ट रूप से लिखा हुआ है।


वहीं भाजपा के प्रत्याशी अवतार सिंह बागल के भी पिछड़ा वर्ग के होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की मांग की गई है। इंदिरा गांधी वार्ड में स्वतंत्र उम्मीदवारों ने कहा कि सामान्य वर्ग से आने वाले पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इंदिरा गांधी वार्ड के निर्दलीय प्रत्याशियों ने अब इसपर आपत्ति जताई है और जिला निर्वाचन आयोग (रिटर्निंग अधिकारी) से जांच कर न्यायोचित कार्रवाई करने की मांग की है।







