मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को समर्पित है यह ऐतिहासिक जीत

कहा छत्तीसगढ़ में अब चलेगी ट्रिपल इंजन की सरकार, विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार
मोदी की गारंटी’ की तरह ‘अटल विश्वास पत्र’ भी होगा 100 प्रतिशत लागू
NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ में हुए नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व, सुशासन और विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगा दी है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अभूतपूर्व जनादेश के लिए छत्तीसगढ़ की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और आशीर्वाद की विजय है।
उन्होंने कहा कि जनता ने हमारे 13 महीनों के सुशासन को सराहा है, ‘मोदी की गारंटी’ की तरह ही ‘अटल विश्वास पत्र’ पर भी जनता ने विश्वास जताया है। हम इस भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे और जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेंगे।
अभी तक आए चुनाव परिणामों के अनुसार 10 में से 10 नगर निगमों में भाजपा विजयी हुई है, साथ ही 49 नगर पालिकाओं में से 35 में और 114 नगर पंचायतों में से 81 पर भाजपा की शानदार जीत हुई है।
सीएम साय ने कहा कि रायपुर में भारतीय जनता पार्टी को 1,53,290 मतों से ऐतिहासिक विजय मिली, जो यह दर्शाता है कि जनता ने भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और पारदर्शी सुशासन को चुना है। बिलासपुर में भी भाजपा की श्रीमती पूजा विधानी ने 66,179 मतों से जीत हासिल की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ में भाजपा की जीत पर कहा नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि वह अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने वाली पार्टी है। जीवर्धन भाई, जो वर्षों से पार्टी के प्रति निष्ठावान रहे हैं और आज भी चाय बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, को पार्टी ने महापौर का टिकट दिया। यह सिर्फ एक राजनीतिक निर्णय नहीं, बल्कि भाजपा की कार्यकर्ता-केन्द्रित विचारधारा और संगठनात्मक मजबूती का प्रमाण है। जीवर्धन भाई ने अपनी कड़ी मेहनत और जनता के विश्वास से 34, 365 मतों से ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। यह न केवल रायगढ़ बल्कि पूरे प्रदेश में एक मिसाल है कि पार्टी कार्यकर्ताओं की निष्ठा और ईमानदारी का उचित सम्मान भाजपा में ही संभव है। इस जीत से यह स्पष्ट होता है कि जनता अब केवल वादों पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले नेताओं पर भरोसा जता रही है। रायगढ़ में भाजपा की यह अभूतपूर्व सफलता पार्टी की जनसेवा और विकास की प्रतिबद्धता का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में यह परिणाम भाजपा के संगठनात्मक मजबूती, नेतृत्व की दूरदृष्टि और जनता के प्रति समर्पण का प्रमाण है। यह जीत रायगढ़ के विकास की नई संभावनाओं को खोलने वाली होगी, जहां जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। भाजपा में मेहनत और निष्ठा की कद्र की जाती है, जीवर्धन भाई इसका सशक्त उदाहरण हैं।
जनता ने कांग्रेस की विफलताओं को किया खारिज, भाजपा के सुशासन को दिया समर्थन
मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने निकायों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था, मेयर और अध्यक्षों के चुनाव को प्रत्यक्ष प्रणाली से हटा दिया गया था। लेकिन भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की बहाली करते हुए चुनाव को पुनः प्रत्यक्ष प्रणाली से कराया और इसका परिणाम है कि कांग्रेस के पिछले मेयर आज पार्षद बनने में भी असफल रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने आश्वस्त किया कि हमने जो भी वादे अटल विश्वास पत्र में किए हैं, वे 100 प्रतिशत पूरे किए जाएंगे। हमारी सरकार विकास, पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है। भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। हमने जो कहा, उसे पूरा किया और आगे भी करेंगे।
इस चुनाव में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता ने अपनी स्वीकृति दी है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक संबल, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों गरीबों को सम्मानजनक आवास, किसानों के लिए रिकॉर्ड धान खरीदी और बोनस भुगतान, शराब घोटाले की जांच, सरकारी भर्तियों की पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर सख्ती और प्रशासन में पारदर्शिता पर जनता ने अपनी मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री साय ने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी बधाई देते हुए कहा कि यह जीत हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है। प्रत्येक कार्यकर्ता ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में परिश्रम किया। यह जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि लोकतंत्र की पुनः स्थापना का प्रतीक है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि अब निकायों में भी बदलाव दिखेगा, विकास होगा, जनता की तरक्की हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी। हम छत्तीसगढ़ के हर नगर, हर गांव को विकास के नए आयाम तक पहुंचाएंगे।
आगे पंचायत चुनावों में भी ऐतिहासिक जीत की तैयारी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अब आने वाले पंचायत चुनावों में भी जनता भाजपा को भारी समर्थन देगी, क्योंकि जनता ने भाजपा के विकास मॉडल को देखा और स्वीकार किया है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ट्रिपल इंजन सरकार बनेगी और विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह जीत प्रदेश की जनता की जीत है, यह जीत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन की जीत है और यह जीत भाजपा के सुशासन और ईमानदार राजनीति की जीत है।







