सूर्यकांत राठौर निर्विरोध चुने गए रायपुर नगर निगम के सभापति
सूर्यकांत की राजनैतिक यात्रा भारतीय जनता युवा मोर्चा से सभापति तक

NNH रायपुर/ रायपुर नगर निगम में रमण मंदिर वार्ड के भाजपा पार्षद सूर्यकांत राठौर निर्विरोध सभापति चुन लिए गए। सभापति चुने जाने के बाद महापौर मीनल चौबे, भाजपा रायपुर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सहित सभी पार्षदों व भाजपा के नेताओं – कार्यकर्ताओं ने सूर्यकांत राठौर को बधाई दी।
सूर्यकांत राठौर भाजपा संगठन में भी विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते आ रहे हैं। सूर्यकांत 1997 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के रायपुर शहर जिलाध्यक्ष बनाए गए थे, वे भाजपा रायपुर के जिला उपाध्यक्ष, जिला महामंत्री और वर्तमान में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हैं।

सूर्यकांत राठौर 2004 में पहली बार पार्षद चुने गए थे, और जब सुनील सोनी महापौर थे, तब उनकी परिषद में “MIC” मेयर इन काउंसिल के सदस्य थे, तब उन्हें रायपुर नगर निगम में लोक कर्म विभाग का दायित्व सौंपा गया था। इसके बाद 2009 में रायपुर नगर निगम में ही उपनेता, 2014 में नेता प्रतिपक्ष चुने गए थे। 2019 में जब भाजपा के बड़े बड़े नेता वार्ड चुनाव हार गए थे, सूर्यकांत राठौर ने तब चौथी बार पार्षद चुनाव में शानदार जीत हासिल की थी। इसलिए उनकी वरिष्ठता को देखते हुए नगर निगम रायपुर में इसबार उनको सभापति बनाया जाना लगभग तय माना जा रहा था, और शुक्रवार को वे निर्विरोध सभापति चुन लिए गए हैं। सूर्यकांत राठौर भाजपा के बहुत ही वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं, उनके सभापति चुने जाने से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है।






