
NNH भिलाई/ भिलाई नगर निगम द्वारा खुर्सीपार में सीवरेज पाईप लाईन का हवाला देकर अचानक बुलडोजर की कार्रवाई करने से कई लोग बेघर हो गए, उनको घर का सामान निकालने की मोहलत तक नही दी गई। जहां बुलडोजर चलाया गया वहां से बस्ती की गरीब जनता को घर का कोई सामान भी लेने नहीं दिया गया, मलबे में KYC और जरूरी दस्तावेज भी दब गए। जहां पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई है, वहां की वस्तु स्थिति को जानने भाजपा के पूर्व पार्षद जय प्रकाश यादव ने निरक्षण किया और आयुक्त को फोन लगाकर विस्थापन करने का आग्रह किया है। जय प्रकाश यादव ने यह आरोप लगाया है कि शहर सरकार और नगर निगम आयुक्त दोनों ने मिलकर गरीबों पर अत्याचार किया है, और बिना विस्थापन किए गरीबों के घर पर बुलडोजर चलाना अमानवीय है। जेपी ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री आवास के तहत गरीबों को घर दिया जा रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ खुर्सीपार में बिना विस्थापन किए गरीबों के घर पर बुलडोजर चला दिया गया है। जयप्रकाश ने कहा कि इस अमानवीय कार्रवाई के खिलाफ के खिलाफ न्यायालय की शरण में जाकर गरीब जनता को न्याय दिलाने कानूनी लड़ाई लडूंगा।
जय प्रकाश यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय व प्रभारी मंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान मिल रहा है। लेकिन भिलाई के कुछ नेता इसका झूठा श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।
गौरतलब है कि दो दिन पहले भी भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव ने नगर निगम के अधिकारियों को चेताते हुए कहा था कि पहले विस्थापन करें, उसके बाद ही यहां से हटाने की कार्रवाई करें।






