भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने कहा; गजब का एकतरफा विकास है, Dmf ,csr के नियम जाए चूल्हे में”

NNH खबरों की खबर/ भाजपा के नेता सोशल मीडिया पर इन दिनों संघ के दत्तोपंत ठेंगड़ी के एक कोट्स को लगातार शेयर कर रहे हैं… “कार्य की नहीं कार्यकर्ता की चिंता करो। कार्यकर्ता का यथोचित ध्यान रखो व आदर सम्मान करो। कार्य तो अपने आप होगा और सर्वश्रेष्ठ होगा।” लेकिन ऐसा होता दिख नही रहा है।
क्योंकि सत्ता आने के बाद से ही बीजेपी के सीनियर कार्यकर्ता इस बात से दुखी हैं कि उनकी कोई सुनवाई नही हो रही है। जिसे ध्यान में रखते हुए प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सहयोग केंद्र बनाया गया, जहां कुछ समय तक कार्यकर्ताओं से नेताओं ने तय समय पर भेंट वार्ता की, उनकी समस्या सुनी लेकिन नतीजा कुछ नही निकला और वह सहयोग केंद्र फिर बंद पड़ा है। दूरस्थ ग्रामीण इलाकों से बीजेपी के कार्यकर्ता काम को लेकर मंत्री जी से मिलने राजधानी रायपुर तो आते हैं, लेकिन उन्हें यह कहकर चलता कर दिया जाता है कि मंत्री जी मीटिंग में नही मिल सकते, या तो मंत्री दौरे पर हैं। अब वही कार्यकर्ता अपने पूर्व के कड़वे अनुभव के कारण प्रदेश भाजपा मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर जाने की हिम्मत तक नही जुटा पाते और निराश कार्यकर्ता वापस लौट जाता है।

ऐसे में अपनी बात रखने के लिए सोशल मीडिया ही कार्यकताओं का एकमात्र सहारा है, जिसके माध्यम से अपनी कोई मांग या फिर कोई शिकायत हो अथवा खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। जिसका ताजा उदाहरण भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने फेसबुक पर एक पोस्ट है। उन्होंने शनिवार 19 जुलाई को अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट में वित्त मंत्री ओपी चौधरी की फोटो छपी एक अखबार की कटिंग को साझा कर कहा है कि…”सरकार का पैसा भी रायगढ़ विधानसभा में ही और dmf,csr का पैसा भी रायगढ़ विधानसभा में ही खर्च हो और धर्मजयगढ़, लैलूंगा, विधानसभा के लोग सिर्फ रोड एक्सिडेंट में बे मौत मरें, धूल खाएं, जमीन देकर बेघर हो, बस रायगढ़ का विकास होना चाहिए, गजब का एकतरफा विकास है। Dmf ,csr के नियम जाए चूल्हे में”
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष की पोस्ट से समझा जा सकता है कि कार्यकर्ता तो कार्यकर्ता प्रदेश स्तर के बड़े पदाधिकारी भी अपनी सरकार से खुश नही हैं।






