कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भाजपा नेताओं के साथ मंच साझा करने पर लगाई रोक
भाजपा ने कहा पार्टी में मची भगदड़ रोकने के लिए यह कांग्रेस का "रोका-छेका"

NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष के एक निर्देश ने हलचल मचा दी है। जिसमें पार्टी की ओर से जारी आदेश में साफ कहा गया है कि कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता किसी भी कार्यक्रम या सार्वजनिक मंच पर भाजपा नेताओं के साथ शामिल नहीं होंगे। इस निर्देश के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
दरअसल रायपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे द्वारा जारी इस नए आदेश में कहा गया है कि कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता किसी भी ऐसे आयोजन में हिस्सा न लें, जहां भाजपा के नेता मौजूद हों। पार्टी ने इसे अनुशासन से जोड़ते हुए निर्देश का सख्ती से पालन करने की बात कही गई है।
कांग्रेस के इस फैसले पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राजनांदगांव से भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि यह फैसला कांग्रेस की अंदरूनी घबराहट को दर्शाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह दीपक बैज का “रोका-छेका” है और पार्टी में भगदड़ जैसी स्थिति बन रही है, जिसे रोकने के लिए यह आदेश जारी किया गया है।
सांसद पांडेय ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्वतंत्र रूप से काम करने की बजाय नियंत्रण में रखना चाहती है। वहीं कांग्रेस के इस निर्णय को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।







