पीएम मोदी ने बस्तर में जवानों के बीच मनाई दीपावली, कहा नक्सली भले खत्म हो गए हों, लेकिन दिमागी नक्सल को भी करना है परास्त

NNH बस्तर/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली का पर्व छत्तीसगढ़ के बस्तर में करणपुर स्थित CoBRA ऑपरेशन बेस पर सुरक्षा बलों के जवानों के बीच मनाया।
जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा —
“2026 की ये दिवाली सच में खास है। 40-50 साल बाद ऐसी दिवाली आई है। ये पहली दिवाली है जब देश ने नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों लंबी लड़ाई जीती है। ये पहली दिवाली है जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि वे 140 करोड़ देशवासियों के प्रतिनिधि के रूप में जवानों का धन्यवाद करने आए हैं। उन्होंने कहा —
“आप सब मेरे परिवार के सदस्य हैं। इस बार मैं बस्तर के जंगलों में दिवाली मनाने आया हूँ। ये वो धरती है जहाँ कभी नक्सली आतंक का कहर था, लेकिन आपके बलिदान और समर्पण से यहाँ नक्सली आतंक खत्म हुआ और विकास की नई लहर शुरू हुई है।”

PM मोदी ने बताया कि पहली बार 47 साल में, पिछले एक साल में ड्यूटी पर एक भी CRPF जवान ने जान नहीं गंवाई। इसे उन्होंने देश की सही नीतियों और दृढ़ संकल्प की जीत बताया।
इस दौरान उन्होंने 2004-2013 के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि तब हर साल शहीद होने वाले जवानों की संख्या मारे गए नक्सलियों से ज्यादा थी, और तत्कालीन सरकारों ने नक्सलवाद को लाइलाज बीमारी मानकर छोड़ दिया था।
प्रधानमंत्री ने CRPF, CoBRA, BSF, ITBP, SSB, IRB, छत्तीसगढ़ पुलिस, बस्तर फाइटर्स और महिला जवानों के योगदान को भी याद किया और कहा कि नक्सली भले खत्म हो गए हों, लेकिन दिमागी नक्सल को भी परास्त करना है।








