आर्थिक मजबूती में भारत दुनिया में अव्वल, चीन-अमेरिका समेत 9 बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को पछाड़ा

नई दिल्ली/ दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच भारत ने एक बार फिर अपनी मजबूती का लोहा मनवाया है। विकास दर के मामले में भारत ने चीन और अमेरिका समेत 9 बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को पीछे छोड़ दिया है। ताजा अनुमानों के मुताबिक भारत आने वाले सालों में भी दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा।
गोल्डमन सैक्स का अनुमान — 2027 में 7.2% ग्रोथ…!
दुनिया की जानी-मानी वित्तीय संस्था गोल्डमन सैक्स की रिपोर्ट के अनुसार साल 2027 में भारत की जीडीपी ग्रोथ 7.2% रहने का अनुमान है। वहीं इसी अवधि में चीन की ग्रोथ 4.5% और अमेरिका की ग्रोथ सिर्फ 2.4% रहने का अनुमान जताया गया है। यानी भारत की रफ्तार चीन से करीब डेढ़ गुना और अमेरिका से करीब तीन गुना ज्यादा होगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026 में भी भारत की ग्रोथ 7.9% रहने का अनुमान है, जबकि चीन की 4.4% और अमेरिका की 2.3% पर रहने का अनुमान है।
2014-2026 में भी भारत रहा नंबर-1
यह पहली बार नहीं है जब भारत ने बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को पछाड़ा है। IMF, वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक और वर्ल्ड बैंक के आंकड़ों पर आधारित तुलना में 2014 से 2026 के बीच भारत ने डॉलर के हिसाब से 6.1% सालाना औसत ग्रोथ दर्ज की और G20 देशों में पहले नंबर पर रहा।
इस दौरान चीन 5.9% के साथ दूसरे और अमेरिका 5.3% के साथ तीसरे नंबर पर रहा। इसके बाद सऊदी अरब, तुर्किए, इंडोनेशिया, मेक्सिको, ऑस्ट्रेलिया, यूरोपीय संघ और कनाडा का नंबर रहा। इस 12 साल की अवधि में भारत की अर्थव्यवस्था का आकार दोगुने से ज्यादा होकर करीब *4.15 ट्रिलियन डॉलर* तक पहुंच गया।
भारत की तेजी के पीछे क्या है…?
1. मजबूत घरेलू मांग…!
भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका घरेलू बाजार है। देश में निजी खपत लगातार बढ़ रही है। सेवा क्षेत्र, रिटेल, बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं में तेजी बनी हुई है।
2. मजबूत सेवा और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर…!
IMF के मुताबिक भारत की वृद्धि के पीछे निजी खपत और सेवा क्षेत्र की मजबूत गतिविधियां प्रमुख वजह हैं। इसके साथ ही मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों से भी अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
3. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का अनुमान…!
रिपोर्ट में कहा गया है कि आने वाले समय में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भी भारत को फायदा मिलेगा, क्योंकि भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल आयात करता है।
4. AI पर दुनिया का बढ़ता निवेश…!
दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर निवेश तेजी से बढ़ रहा है। अनुमान है कि 2027 में यह निवेश *1.8 ट्रिलियन डॉलर* तक पहुंच जाएगा। भारत के IT और स्टार्टअप सेक्टर को इसका सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
IMF ने भी माना भारत का लोहा…!
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भी अपने वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक में भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बताया है। IMF के मुताबिक वैश्विक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद भारत की रफ्तार बरकरार है।
चीन-अमेरिका क्यों पिछड़े…?
विशेषज्ञों के मुताबिक चीन की अर्थव्यवस्था में रियल एस्टेट संकट और घरेलू मांग में सुस्ती का असर दिख रहा है। वहीं अमेरिका में ऊंची ब्याज दरों और महंगाई के दबाव से ग्रोथ धीमी हुई है। इसके उल्टा भारत में युवा आबादी, बढ़ता मध्यम वर्ग और घरेलू निवेश ग्रोथ को सहारा दे रहे हैं।
आगे क्या…?
आर्थिक विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यही रफ्तार जारी रही, तो भारत अगले कुछ सालों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। भारत अभी दुनिया की चौथी-पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, लेकिन ग्रोथ रेट में वह पहले से ही नंबर-1 है।
फिलहाल, इन आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि आर्थिक मजबूती में भारत ने चीन-अमेरिका समेत दुनिया की 9 बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को पछाड़ दिया है और आने वाले सालों में यह बढ़त और मजबूत हो सकती है।







