खास खबरछत्तीसगढ़राजनीति

भाजपा कार्यकर्ता ने इलाज के अभाव में मांगी इच्छा मृत्यु, कहा जिस पार्टी के लिए जीवन दिया उसी ने छोड़ दिया

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा इलाज के लिए पूरी व्यवस्था की जाएगी

NNH खबर विशेष/ छत्तीसगढ़ में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता ने मुख्यमंत्री विष्णदेव साय को पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है।

सूरजपुर जिले के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता पूर्व मंडल महामंत्री विशंभर यादव दो साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में शामिल होने के लिए जाते हुए हादसे का शिकार हो गए थे। उसी सड़क हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद से वे स्थायी विकलांगता और आर्थिक बदहाली का शिकार हो गए हैं। जिसके बाद उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन से उपेक्षा मिलने से भी मैं व्यथित हैं।

मिली जानकारी के अनुसार विशंभर यादव का परिवार शुरू से ही संघ-भाजपा से जुड़ा रहा है। उनके पिताजी आरएसएस के स्वयंसेवक थे। विशंभर और उनकी पत्नी भी भाजपा में सक्रिय रहे हैं। दो साल पहले उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के एक कार्यक्रम के लिए कार्यकर्ताओं को ले जाने की जिम्मेदारी दी गई थी। बेमेतरा के समीप उनकी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें विशंभर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना पर प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से सहानुभूति व्यक्त की थी और उस समय के छत्तीसगढ़ के सभी बड़े नेताओं ने अपोलो अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना था। दुर्घटना के बाद संगठन की तरफ से उन्हें अपोलो से एम्स दिल्ली तक एयर एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन उसके बाद उनका हालचाल लेने वाला कोई नहीं रहा।

बताया जा रहा है कि इस हादसे के बाद विशंभर यादव के इलाज में 30-35 लाख रुपये खर्च हो गए हैं, जिससे परिवार आर्थिक रूप से बदहाल हो गया है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद भी उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं आया। पिछले दो वर्षों से उनका परिवार इलाज का खर्च उठा रहा है, जिसमें अब तक 30 से 35 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। उन्होंने अपनी सारी जमापूंजी इलाज में लगा दी है, और अब उनके पास कुछ नहीं बचा है। घर की आर्थिक स्थिति और अपनी शारीरिक लाचारी से मजबूर होकर विशंभर यादव ने मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की मांग की है।

“जिस पार्टी के लिए जीवन दिया, उसने छोड़ दिया”

विशंभर यादव ने दर्द बयां करते हुए कहा कि, “मैं शरीर से इतना मजबूर हो गया हूं और मेरे कारण मेरा परिवार भी परेशान है। जिस पार्टी के लिए मैंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया, वहां से भी कोई सहयोग नहीं मिला। अब मेरे पास मौत के सिवा कुछ नहीं बचा है, इसलिए मैंने इच्छा मृत्यु की मांग की है।” उन्होंने यह भी कहा, “भाजपा अब पहले जैसी नहीं रही, पहले कार्यकर्ताओं का सम्मान होता था। मेरा तो कोई हालचाल भी नहीं लेना चाहता। अगर संगठन मेरा सहयोग करता तो बहुत अच्छा होता।

इधर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विशंभर यादव के लिए इलाज के लिए सहयोग करने की बात कही, उन्होंने कहा इलाज के लिए पूरी व्यवस्था की जाएगी, इसके लिए बघेल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी किया है, जिसमे लिखा है कि…

सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया।
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चित् दुःखभाग् भवेत्।।

कल मुझे सूचना मिली थी कि सूरजपुर ज़िले के भाजपा नेता श्री विशंभर यादव जी ने अपनी बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक तंगी के कारण प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी से इच्छा मृत्यु की माँग की है.

मैंने विशंभर जी और उनकी धर्मपत्नी जी से फोन पर बात की है. इस संकट की घड़ी में हम उनके साथ खड़े हैं. उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जाएगी. उनको रायपुर आकर इलाज करवाने का अनुरोध किया है. उनको अच्छा इलाज मिले, वे जल्द स्वस्थ हों, ऐसा हमारा प्रयास रहेगा.

दो साल पहले रायपुर में आयोजित प्रधानमंत्री जी की सभा में शामिल होने भाजपा के तत्कालीन मंडल महामंत्री विशंभर जी अपने कार्यकर्ताओं को लेकर बस से जा रहे थे, इस दौरान बस हादसे में गंभीर रूप से घायल विशंभर जी स्थायी विकलांगता के शिकार हो गए हैं.

Back to top button