भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री संजय जोशी का आज छत्तीसगढ़ प्रवास
"जोशी के दौरे पर टिकी हुई हैं सबकी नजरें"

NNH रायपुर/ भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) संजय विनायक जोशी के पुराने निकटतम सहयोगी, राजीव लोचन श्रीवास्तव ने संजय जोशी के रायपुर प्रवास की सूचना दी।
लंबे समय से राजनैतिक वनवास भोग रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्णकालिक प्रचारक संजय जोशी का नाम अचानक भाजपा अध्यक्ष पद के लिए उभरकर आया है। यह एक संयोग है या फिर किसी ‘खास रणनीति’ का हिस्सा, इस पर तो अभी अटकलें लगाई जा रही हैं। लेकिन, भाजपा की वर्तमान राजनीति में यह नाम निश्चित ही चौंकाने वाला है। ऐसा नहीं है कि जोशी इस पद के योग्य नहीं है, उनकी गिनती कुशल संगठकों में होती हैं।
दरअसल, जगत प्रकाश नड्डा का भाजपा अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल खत्म हो चुका है। वे एक्सटेंशन पर चल रहे हैं। पार्टी की एक व्यक्ति एक पद की नीति में भी फिट नहीं बैठते। क्योंकि उन्हें केन्द्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्रालय जैसा महत्वपूर्ण पद दिया जा चुका है। ऐसे में अध्यक्ष के लिए जिन नामों की चर्चा है, उनमें से एक नाम संजय जोशी का भी है।
संजय जोशी का 12 जून 2025 को प्रातः 8:45 पर रायपुर आगमन हो रहा है। रायपुर एवं बलौदाबाजार के कार्यक्रम में शामिल होने के पश्चात वे 13 जून 2025 को प्रातः 8.50 बजे विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। संजय जोशी के छत्तीसगढ़ प्रवास व कार्यक्रमों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।







