ओड़िसा के जगन्नाथपुरी मंदिर के वरिष्ठ पुजारी की हत्या
"हत्या की वजह पैसे का लेनदेन"

NNH जगन्नाथपुरी/ रथयात्रा की तैयारियों के बीच ओडिशा के पुरी में जगन्नाथ मंदिर से सनसनी खेज वारदात की खबर सामने आई है। जहां एक वरिष्ठ पुजारी जगन्नाथ दीक्षित की हत्या कर दी गई है। जिसकी हत्या की गई है वह मंदिर में सेवक के तौर पर काम करते थे। बताया जा रहा है कि पुजारी की हत्या की वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। जिसमें एक शख्स द्वारा पुजारी के शव को दरवाजे के बाहर फेंकते हुए देखा जा सकता है। उस इलाके में भारी सुरक्षा रहती है, उसके बावजूद दिनदहाड़े हुई इस हत्या से सनसनी फैल गई है।
जगन्नाथ मंदिर के जिन वरिष्ठ पुजारी जगन्नाथ दीक्षित की हत्या कर दी गई है, उनका शव पटजोशी नामक व्यक्ति के घर के सामने खून से लथपथ हालत में मिला।
घटना स्थल उस क्षेत्र में आता है जहां रथ यात्रा को देखते हुए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसके बावजूद पुजारी की हत्या ने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। CCTV फुटेज में एक व्यक्ति को पुजारी के शव को फेंकते हुए देखा गया है। स्थानीय लोगों ने पहचान की है कि वह व्यक्ति पटजोशी है, जो कथित रूप से पुजारी दीक्षित का परिचित था।
बताया जा रहा है कि हत्या की वजह पैसे का लेन-देन है। पुजारी दीक्षित ने पटजोशी से अपने पैसे वापस मांगे थे, जिससे गुस्से में आकर पटजोशी ने यह वारदात की। पुलिस ने इस एंगल को भी जांच में शामिल कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला व्यक्तिगत रंजिश का लग रहा है। “CCTV फुटेज को जांच में शामिल कर लिया गया है, और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हत्या की असली वजह क्या है, ये पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक और पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस पटजोशी की तलाश में जुट गई है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
प्रशासन के लिए यह मामला न केवल एक गंभीर अपराध है, बल्कि रथ यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।







