छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ी गाज: इंस्पेक्टर विनीत दुबे सस्पेंड, शोएब ढेबर को दबिश की गुप्त सूचना लीक करने का आरोप

NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में गोपनीयता भंग करने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। फरार आरोपी शोएब ढेबर को दबिश की गुप्त सूचना लीक करने और कथित सांठगांठ के गंभीर आरोपों के चलते पुलिस निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है।
बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के प्रतिवेदन पर यह कड़ा एक्शन लिया है। निलंबन के साथ ही दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर निर्धारित किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी मांगने के हाई-प्रोफाइल केस से जुड़ा है। इस मामले में आरोपी शोएब ढेबर फरार चल रहा है। आरोप है कि खम्हारडीह में दबिश से ठीक पहले आरोपी को पुलिस की कार्रवाई की गुप्त सूचना लीक कर दी गई, जिसके बाद वह फरार हो गया। इस घटना में पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका सामने आने के बाद महकमे में खलबली मच गई।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले एसीसीयू (ACCU) के दो आरक्षकों शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी इसी मामले में सस्पेंड किया जा चुका है। अब इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी पर गाज गिरने से यह मामला और भी गंभीर हो गया है।
अब सबकी निगाहें गिरफ्तारी पर
फिलहाल पुलिस की टीमें फरार आरोपी शोएब ढेबर की तलाश में जुटी हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी कब होती है और इस सूचना लीक के मामले में और कितने नाम सामने आते हैं।







